कोलकाता, 26 सितम्बर (CRICKETNMORE): पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को अपने ऐतिहासिक 500वें टेस्ट मैच में जीत दर्ज करने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। ममता ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर के माध्यम से टीम को जीत की बधाई दी।
ममता ने ट्वीट किया, "जीत पर टीम इंडिया को बधाई। उम्मीद है कि भारत इसी तरह सभी खेलों में विश्व भर में अपना नाम रोशन करेगा।"
भारत ने सोमवार को ही कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को 197 रनों से मात देते हुए 1-0 की बढ़त बना ली है।