Bhuvneshwar Kumar 200 Wickets In IPL: आईपीएल में भारतीय दिग्गज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने बड़ा कारनामा कर दिखाया है। चेन्नई के खिलाफ विकेट लेते ही उन्होंने ये खास उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें IPL के दिग्गज गेंदबाजों की खास लिस्ट में शामिल कर दिया है।
रविवार (5 अप्रैल) को आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने हैं। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में चेन्नई की पारी के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर आयुष म्हात्रे को आउट करते ही भुवनेश्वर ने IPL में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए हैं।
इसके साथ ही भुवनेश्वर कुमार IPL इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम 192 पारियों में हासिल किया है। इस दौरान उनका औसत 27.25 और इकॉनमी 7.69 रही है, जो उनकी निरंतरता और सटीक गेंदबाजी को दर्शाता है। भुवनेश्वर कुल मिलाकर IPL में 200 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले सिर्फ युजवेंद्र चहल ही इस आंकड़े को छू पाए थे, जिनके नाम 224 विकेट दर्ज हैं।
अगर IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट पर नजर डालें तो चहल पहले स्थान पर हैं, जबकि भुवनेश्वर अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके बाद सुनील नरेन, पीयूष चावला और रविचंद्रन अश्विन जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- युजवेंद्र चहल – 176 मैच, 224 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार – 192 मैच, 200 विकेट
- सुनील नरेन – 191 मैच, 193 विकेट
- पीयूष चावला – 192 मैच, 192 विकेट
- रविचंद्रन अश्विन – 221 मैच, 187 विकेट
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन और रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में 48 रन बनाए। वहीं अंत में टिम डेविड ने 25 गेंदों में 70 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।