Bhuvneshwar Kumar 200 IPL Matches: आईपीएल में अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने बड़ा इतिहास रच दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वह आईपीएल इतिहास में यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं।
दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच इकाना स्टेडियम में गुरुवार (7 मई) को खेला जा रहा यह मुकाबला भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर का 200वां मैच है और इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में 200 मैच खेलने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं।
मेरठ में जन्मे भुवनेश्वर कुमार ने साल 2012 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और तब से वह अपनी स्विंग गेंदबाजी के दम पर लगातार बल्लेबाजों के लिए परेशानी बने हैं। आईपीएल में उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया, सनराइजर्स हैदराबाद और अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले तेज गेंदबाज:
- भुवनेश्वर कुमार – 200 मैच, 215 विकेट
- कीरोन पोलार्ड – 189 मैच, 69 विकेट
- ड्वेन ब्रावो – 161 मैच, 183 विकेट
- हार्दिक पांड्या – 160 मैच, 82 विकेट
- जसप्रीत बुमराह – 155 मैच, 186 विकेट
भुवनेश्वर कुमार आईपीएल इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अब तक 200 मुकाबलों में 215 विकेट हासिल किए हैं और वह IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। उनसे आगे सिर्फ युजवेंद्र चहल हैं, जिनके नाम 229 विकेट दर्ज हैं।
इस बड़े रिकॉर्ड के साथ ही भुवनेश्वर कुमार आईपीएल के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों की एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं। एमएस धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविंद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ी पहले ही 200 से ज्यादा आईपीएल मैच खेल चुके हैं और अब भुवनेश्वर कुमार भी इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। भुवनेश्वर कुमार आईपीएल इतिहास में 200 या उससे ज्यादा मैच खेलने वाले कुल 12वें खिलाड़ी बन गए हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी:
- एमएस धोनी – 278 मैच
- रोहित शर्मा – 277 मैच
- विराट कोहली – 277 मैच
- रविंद्र जडेजा – 264 मैच
- दिनेश कार्तिक – 257 मैच
- शिखर धवन – 222 मैच
- रविचंद्रन अश्विन – 221 मैच
- अजिंक्य रहाणे – 207 मैच
- सुरेश रैना – 205 मैच
- रॉबिन उथप्पा – 205 मैच
- अंबाती रायडू – 204 मैच
- भुवनेश्वर कुमार – 200 मैच
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, भुवनेश्वर इस सीजन भी शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने अब तक 9 मैचों में 15.52 की औसत से 17 विकेट हासिल किए हैं और पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार दो बार IPL में पर्पल कैप जीत चुके हैं और उनकी सबसे बड़ी ताकत नई गेंद से स्विंग और डेथ ओवरों में सटीक लाइन-लेंथ रही है।