Bhuvneshwar Kumar Equals Mohammed Shami Record: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन को पावरप्ले में आउट करते ही मोहम्मद शमी के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (31 मई) को खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर नई गेंद से अपना जादू दिखाया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने गुजरात टाइटंस के इनफॉर्म युवा बल्लेबाज साईं सुदर्शन को 12 रन पर पवेलियन भेजकर एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।
साईं सुदर्शन का विकेट भुवनेश्वर कुमार के लिए बेहद खास साबित हुआ। यह इस सीजन पावरप्ले के अंदर उनका 17वां विकेट था। इसके साथ ही उन्होंने मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शमी ने आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए पावरप्ले में 17 विकेट हासिल किए थे और अब भुवनेश्वर भी इस खास क्लब में शामिल हो गए हैं। जिसके चलते वह मोहम्मद शमी के साथ संयुक्त रुप से आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
हालांकि ऑवरऑल खिलाड़ियों की इस सूची में सबसे ऊपर गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा मौजूद हैं, जिन्होंने आईपीएल 2026 में पावरप्ले के दौरान 19 विकेट चटकाए हैं।
आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट
- खिलाड़ी विकेट साल
- कगिसो रबाड 19 2026
- मोहम्मद शमी 17 2023
- भुवनेश्वर कुमार 17 2026
- मिचेल जॉनसन 16 2013
- ट्रेंट बोल्ट 16 2020
भुवनेश्वर कुमार के लिए यह सीजन शानदार रहा है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगातार नई गेंद से विकेट निकालकर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। फाइनल तक पहुंचते-पहुंचते वह 16 मैचों में 28 विकेट हासिल कर चुके हैं। उनकी औसत 17.89 और इकॉनमी 7.95 रही है।
इतना ही नहीं, पर्पल कैप की रेस भी काफी दिलचस्प बनी हुई है। भुवनेश्वर कुमार और कगिसो रबाडा दोनों के नाम 28-28 विकेट हैं। ऐसे में अगर रबाडा फाइनल में कोई विकेट हासिल नहीं कर पाते हैं, तो इस सीजन की पर्पल कैप भुवनेश्वर कुमार के सिर सज सकती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी इस बड़े मुकाबले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे और लगातार दबाव में दिखाई दिए। हालांकि वाशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभाले रखा और 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की जुझारू पारी खेली। उनकी बदौलत गुजरात टाइटंस किसी तरह 155 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।