Michael Neser Ruled Out Of AUS vs BAN Test Series: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज (AUS vs BAN Test) खेली जानी है जिसका आगाज गुरुवार, 13 अगस्त से होगा। गौरतलब है कि इस सीरीज के शुरू होने से पहले मेजबान ऑस्ट्रेलिया को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, उनकी टीम के घातक तेज गेंदबाज़ माइकल नेसर चोटिल होने के कारण बांग्लादेश के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
Michael Neser को ये चोट ब्रिस्बेन में टेस्ट टीम के साथ प्रैक्टिस करते समय लगी। उन्हें दाहिने पैर की पिंडली में खिंचाव आ गया जिसके कारण ही अब वो अगले कई हफ्तों तक कोई भी प्रैक्टिस या मैच नहीं खेल पाएंगे। वो ऑस्ट्रेलिया के मुख्य बैकअप तेज गेंदबाज़ थे, ऐसे में उनका ही चोटिल हो जाना मेजबान टीम के लिए बड़ा झटका है।
बताते चलें कि 36 वर्षीय माइकल नेसर ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक 5 टेस्ट की 10 पारियों में 22 विकेट चटका चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 131 रन भी बनाए। अब उनका लक्ष्य साउथ अफ्रीका के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले फिट होना रहेगा।
ये भी जान लीजिए कि ऑस्ट्रेलिया के तूफानी विकेटकीपर बल्लेबाज़ जोश इंगलिस भी बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट से पहले अभ्यास के दौरान पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझते दिखे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के अनुसार वह बांग्लादेश के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया स्क्वाड: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड और ब्यू वेबस्टर।
Also Read: LIVE Cricket Score
बांग्लादेश स्क्वाड (पहला टेस्ट): नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मेहदी हसन मिराज (उपकप्तान), सौम्य सरकार, शादमान इस्लाम, तंजीद हसन तमीम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, लिटन दास (विकेटकीपर), अमित हसन, जाकेर अली, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, सैयद खालिद अहमद, एबादोत हुसैन चौधरी और मुशफिक हसन।