अपने पांचवें आईपीएल खिताब की जद्दोजहद कर रही मौजूदा विजेता मुंबई इंडियंस को आईपीएल-13 की ट्रॉफी उठाने के लिए मंगलवार को 157 रन बनाने हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 65) और ऋषभ पंत (56) के बीच हुई अहम साझेदारी के कारण दिल्ली कैपिटल्स ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ अपने पहले फाइनल में 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 156 रन बनाए हैं।

Advertisement

पहले खिताब के लिए बेसब्र दिल्ली को वो शुरुआत तो नहीं मिली जो उसे इस मैच में चाहिए थे। ट्रेंट बाउल्ट ने पहली ही गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को आउट कर दिया। बाउल्ट ने फिर अजिंक्य रहाणे को भी 16 के कुल स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। रहाणे ने दो ही रन बनाए।

Advertisement

इस सीजन अपना पहला मैच खेल रहे जयंत यादव ने फॉर्म में चल रहे बाएं हाथ के अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन को अपनी तीसरी ही गेंद पर बोल्ड कर दिल्ली को तीसरा झटका दिया। धवन ने 15 रन बनाए।

चार ओवर भी पूरे नहीं हुए थे कि दिल्ली ने अपने तीन अहम विकेट खो दिए थे। कप्तान अय्यर मैदान पर थे और उनके ऊपर टीम को बचाने का दबाव भी। कप्तान ने अपनी जिम्मेदारी को बूखबी निभाया और इसमें युवा पंत ने उनका अच्छा साथ दिया।

दोनों ने मुश्किल समय में विकेट पर खड़े होकर चौथे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की। पंत ने इस दौरान इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। 15वें ओवर की तीसरी गेदं पर पंत ने चौका मार अपने पचास रन पूरे किए। इसी ओवर में हालांकि नाथन कुल्टर नाइल ने पंत की पारी का अंत कर दिया। पंत ने 38 गेंदों की पारी में चार चौके और दो छक्के मारे।

पंत के जाने के बाद अय्यर ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने के लिए अय्यर को अंत के ओवरों में एक ऐसे बल्लेबाज के साथ की जरूरत थी जो तेजी से रन बना सके। यह काम शिमरन हेटमायर कर सकते थे लेकिन बाउल्ट ने उन्हें पांच के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।

Advertisement

अक्षर पटेल भी नौ रन ही बना सके। अय्यर हालांकि अंत तक टिके रहे और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में 50 गेंदों का सामना किया और छह चौके तथा दो छक्के लगाए।

मुंबई के लिए बाउल्ट ने तीन, नाइल ने दो, जयंत ने एक विकेट लिया। जसप्रीत बुमराह एक भी विकेट नहीं ले पाए। उनकी इस नाकामी का मतलब यह है कि दिल्ली के कगीसो रबाडा को पर्पल कैप मिलना तय हो गया है।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार