ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम ने मुंबई के बॉलार्ड एस्टेट में भारत के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदलुकर संग गली क्रिकेट में हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाए।

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ने खासतौर पर लगाए गए चाय के स्टॉल पर कुल्हड़ चाय का भी आनंद लिया। इसके बाद प्रिंस विलियम स्कूल के बच्चों संग गली क्रिकेट में हाथ आजमाते हुए नजर आए। इस दौरान सचिन तेंदुलकर भी उनके साथ मौजूद रहे और वह गली क्रिकेट से जुड़ी चीजों के बारे में उन्हें समझाते नजर आए। प्रिंस विलियम ने बल्लेबाजी भी की और कुछ अच्छे शॉट्स भी लगाए। इसके बाद सचिन भी बैटिंग करते दिखाई दिए।

प्रिंसेस केट मिडलटन ने भी बल्लेबाजी की और सचिन उन्हें गेंदबाजी करते दिखाई दिए। प्रिंस विलियम भी प्रिंसेस को बॉलिंग करते हुए नजर आए। गली क्रिकेट में हिस्सा लेने के बाद प्रिंसेस मिडलटन सचिन संग बातचीत करते हुई भी दिखाई दीं। सचिन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया, "क्रिकेट खेलने के लिए जब मैं और प्रिंस विलियम 10 साल पहले मिले थे, तो मैंने उनसे कहा था कि अभी हम मैदान क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन अगली बार गली क्रिकेट में साथ खेलेंगे। वह यहां आए और उन्होंने गली क्रिकेट खेला और बच्चों के साथ काफी समय बिताया। यह बहुत अच्छी बात है।"

सचिन ने आगे कहा, "हालांकि, इसके पीछे एक बड़ा कारण और उद्देश्य है। मैं इस बात की बेहद सराहना करता हूं कि शाही परिवार ने इस नेक पहल को अपनाया है। आज दुनिया एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां कई चुनौतियों के बावजूद हमारे पास पृथ्वी पर सकारात्मक बदलाव लाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बनाने का अवसर है।"

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस मिडलटन तीन दिन के भारत दौरे पर आए हैं। सोमवार को वह मुंबई पहुंचे। यह शाही कपल 17 नवंर को अर्थशॉट प्राइज समारोह में भी शामिल होंगे। वहीं, 18 नवंबर को दोनों दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। विलियम और मिडलटन का यह भारत का दूसरा दौरा है। इससे पहले, वह साल 2016 में भारत आए थे।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार