18 सितंबर,नई दिल्ली। कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर सैंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स ने वॉर्नर पार्क मे खेले गए कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2019 के 14वें मुकाबले में त्रिनबागो नाइट राइडर्स को हरा दिया। सुपर ओवर तक चले इस मुकाबले में ब्रैथवेट ने अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई। इस सीजन में ये नाइट राइडर्स की पहली हार है।
ब्रैथवेट को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सुपर ओवर में अली खान के खिलाफ ब्रैथवेट ने दो छक्कों औऱ एक चौका जड़ा औऱ सेंट किट्स ने 18 रन बनाए। इसके बाद ब्रैथवेट ने सुपर ओवर में गेंदबाजी भी की और डैरेन ब्रावो और काइरोन पोलार्ड को आउट कर नाइट राइडर्स को सिर्फ 5 रन बना दिए।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नाइट राइडर्स की टीम ने लेंडल सिमंस की तूफानी पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सिमंस ने 45 गेंदों में 9 चौकों औऱ 6 छक्कों की मदद से 90 रन बनाए।
सेंट किट्स के लिए कप्तान ब्रैथवेट ने 2 विकेट, वहीं अल्जारी जोसेफ और शेल्डन कॉटरेल ने 1-1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में सैंट किट्स ने कार्लोस ब्रैथवेट और इविन लुईस की धमाकेदार पारी की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाकर मैच ड्रॉ करा दिया। ब्रैथवेट ने 30 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 64 रन, वहीं लुईस ने 21 गेंदों में 3 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए।
नाइट राइडर्स के लिए एंडरसन फिलिप ने 3 विकेट, अली खान ने 2, वहीं खैरी पियरे और काइरोन पोलार्ड ने 1-1 विकेट अपने खाते में डाला।