आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मुकाबले में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। इस रोमांचक मुकाबले को जीतकर लंकाई टीम ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत भी दर्ज की। श्रीलंका की टीम के लिए निलाक्षिका सिल्वा ने शानदार अर्धशतक जड़ा जबकि कप्तान चमारी अथापथु ने भी टीम को तूुफानी शुरुआत दिलाकर जीत की नींव रखी।
चमारी अथापथु ने 19 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 27 रन बनाए। उनकी इस पारी का हाइलाइट उनका एकमात्र छक्का रहा जिसे देखकर आपको श्रीलंका के महान ओपनर सनथ जयसूर्या की याद आ जाएगी। चमारी अथापथु के पॉइंट के ऊपर से लगाए गए इस छक्के में जयसूर्या जैसी क्लास की झलक थी। इस छक्के का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में इज़ी गेज़ 4 रन बनाकर आउट हो गईं। शुरुआती झटके के बाद जॉर्जिया प्लिमर और कप्तान अमेलिया केर ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। प्लिमर ने 18 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि अमेलिया ने एक छोर संभाले रखा।
ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड 160 से ऊपर का स्कोर बना लेगा, लेकिन श्रीलंका की गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में शानदार वापसी की। निचले क्रम की बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सकीं और न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 150 रन ही बना सकी। 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को विश्मी गुणारत्ने और कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों में 45 रन जोड़े। विश्मी ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए, जबकि अट्टापट्टू ने 19 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि इसके बाद श्रीलंका ने हर्षिता समरविक्रमा (5) और हसीनी परेरा (2) के विकेट रनआउट के रुप में जल्दी गंवा दिए, जिससे मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। ऐसे समय में निलाक्षिका सिल्वा ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। निलाक्षिका सिल्वा अंत तक नाबाद रहीं और 37 गेंदों में 54 रन की मैच विनिंग पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दूसरे छोर पर कौशानी नुथ्यांगना ने भी अहम योगदान देते हुए सिर्फ 14 गेंदों में 24 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 28 गेंदों में 48 रन की शानदार साझेदारी की और श्रीलंका ने आखिरी ओवर में दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।