मुंबई, 26 अक्टूबर (CRICKETNMORE)| भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के विवादित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के ऊपर एक अज्ञात महिला द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोप की जांच के लिए प्रशासकों की समिति (सीओए) ने एक स्वतंत्र समिति का गठन किया है। सीओए ने गुरुवार देर रात एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।

Advertisement

सीओए ने जौहरी के ऊपर लगे आरोपों का संज्ञान लेते हुए उनसे सात दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा था। बीसीसीआई के बयान के मुताबिक जौहरी ने अपनी सफाई पेश करते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।

Advertisement

बीसीसीआई के बयान के मुताबिक, "जौहरी ने अपनी सफाई 20 अक्टूबर को दे दी थी। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है और कहा है कि ऐसा कभी नहीं हुआ।"

बयान के मुताबिक, "सीओए ने 20 और 22 अक्टूबर को बैठक की और सीओए के अध्यक्ष विनोद राय का मानना था कि जौहरी के ऊपर लगे आरोपों की जांच के लिए मामले के जानकार लोगों की एक स्वतंत्र समिति का गठन किया जाए जो कानून और नैसर्गिक न्याय की प्रक्रियाओं का ध्यान रखते हुए एक पारदर्शी जांच करे और अपनी रिपोर्ट दाखिल करे।"

बयान में कहा गया है, "सीओए की अन्य सदस्य डायना इडुल्जी की राय इससे अलग थी। उनका कहना था कि सीओए पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं, इसलिए बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट के हित में यह सही होगा कि जौहरी इस्तीफा दे दें या फिर उनके अनुबंध को खत्म कर दिया जाए। उनका मानना था आरोपों की प्रकृति ऐसी है कि जांच की जरूरत नहीं है और जौहरी को पद से हटाने के लिए पर्याप्त है।"

लेकिन, सीओए अध्यक्ष विनोद राय इससे सहमत नहीं थे क्योंकि मामले में आरोप लगाने वाली ने अपनी पहचान नहीं बताई है और ऐसे में दूसरे पक्ष को सफाई का मौका देना नैसर्गिक न्याय के लिए जरूरी है। 

इस स्थिति को देखते हुए जौहरी के ऊपर लगे आरोपों की जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति का गठन किया गया है।

डायना ने अध्यक्ष से कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई और जौहरी को हटाया नहीं गया तो वह अपने आगे के कदम के लिए न्याय मित्र गोपाल सुब्रमण्यम से सलाह लेंगी।

Advertisement

बीसीसीआई के मुताबिक, "पारदर्शी जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति का गठन किया गया है जिसमें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश राकेश शर्मा, दिल्ली महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन बरखा सिंह और सीबीआई के पूर्व निदेशक रिटायर्ड आईपीएस पी.सी. शर्मा शामिल होंगे।"

बयान के मुताबिक, "समिति की अध्यक्षता राकेश शर्मा करेंगे। यह समिति जौहरी पर बीसीसीआई में रहते हुए उनके ऊपर लगे आरोपों की जांच करेगी। समिति के सामने सभी साक्ष्य रखे जाएंगे। यह समिति 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति की रिपोर्ट आने तक जौहरी छुट्टी पर ही रहेंगे।"

कुछ दिनों पहले, एक अज्ञात महिला ने ट्विटर पर कुछ स्क्रीन शॉट साझा किए थे जिनमें जौहरी पर यौन शोषण के आरोप लगाए गए थे।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार