Rohit Sharma & Virat Kohli Record at Barsapara: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार यानी 30 सितंबर को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम की नजरें अब सीरीज अपने नाम करने पर हैं। इस मुकाबले में फैंस की नजरें एक बार फिर भारतीय क्रिकेट के स्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेंगी। खास बात यह है कि गुवाहाटी के इस मैदान पर दोनों दिग्गजों का बल्ला जमकर बोला है।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय मेंस टीम ने अब तक दो वनडे मुकाबले खेले हैं। इस मैदान पर पहला वनडे 21 अक्टूबर 2018 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था। इसके बाद 10 जनवरी 2023 को भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने आई थीं। दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम ने आराम से जीत हासिल की। अब करीब तीन साल बाद भारतीय टीम एक बार फिर इस मैदान पर वनडे मुकाबला खेलने उतरेगी।
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने इस मैदान पर दोनों वनडे मुकाबले खेले हैं और दोनों ही पारियों में उनके बल्ले से बड़ी पारियां देखने को मिली हैं। 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 117 गेंदों में नाबाद 152 रन बनाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 323 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था।
इसके बाद 2023 में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने 83 रन की पारी खेली थी। यानी गुवाहाटी में खेले गए दोनों वनडे मुकाबलों की दो पारियों में रोहित के नाम कुल 235 रन हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 235.00 का रहा है।
विराट कोहली
विराट कोहली का रिकॉर्ड तो गुवाहाटी में और भी शानदार रहा है। उन्होंने ने भी इस मैदान पर दोनों वनडे मुकाबले खेले हैं और दोनों ही मैचों में शतक लगाया है। 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट ने 107 गेंदों में 140 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद 2023 में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने एक बार फिर शतक जड़ते हुए 87 गेंदों में 113 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
विराट ने गुवाहाटी में अब तक दो पारियों में 253 रन बनाए हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 126.50 का रहा है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में एक बार फिर फैंस की नजरें विराट के बल्ले पर होंगी।