IPL 2026, Punjab Kings vs Gujarat Titans Highlights: आईपीएल 2026 के चौथे और रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात ने 162 रन बनाए, लेकिन कूपर कोनोली की नाबाद 72 रन की पारी ने मैच का पासा पलट दिया, जिसके चलते पंजाब ने 5 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

Advertisement

मंगलवार (31 मार्च) को मुल्लांपुर के PCA स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत थोड़ी धीमी रही। साईं सुदर्शन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 22 गेंदों में 37 रन जोड़े। सुदर्शन 13 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 27 गेंदों में 39 रन की पारी खेली।

Advertisement

मध्य ओवरों में जोस बटलर ने पारी को संभालने की कोशिश की और 33 गेंदों में 38 रन बनाए, लेकिन वह भी तेज गति से रन नहीं बना सके। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स (25) और वाशिंगटन सुंदर (17) ने भी कुछ रन जोड़े, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। इसका असर यह हुआ कि टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 162 रन ही बना सकी।

पंजाब किंग्स की ओर से गेंदबाजी में विजय कुमार वैशाख सबसे सफल रहे और उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके। युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन को 1 सफलता मिली।

163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को भी प्रियांश आर्य 7 रन के रुप में जल्दी ही लग गया। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंदों में 37 रन बनाते हुए कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की अहम साझेदारी की।

हालांकि मध्य ओवरों में टीम लड़खड़ा गई। कप्तान श्रेयस अय्यर (18), नेहल वढेरा (3), शशांक सिंह (4) और मार्कस स्टोइनिस बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। लेकिन कूपर कोनोली ने एक छोर संभाले रखा और दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में नाबाद 72 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने 5 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

Advertisement

गुजरात टाइटंस की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट झटके, जबकि वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, कगिसो रबाडा और अशोक शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह पंजाब किंग्स ने इस लो-स्कोरिंग लेकिन रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से जीत दर्ज कर IPL 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार