मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर लखनऊ को शानदार शुरुआत दिलाई। इससे पहले कि वह मुंबई से यह मैच बहुत दूर ले जाते कॉर्बिन बॉश ने एक ही ओवर में दोनों को निपटाकर टीम को बड़ा ब्रेकथ्रू दिलाया।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार (4 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपना पहला मुकाबला खेल रहे जोश इंग्लिस 13 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए।
हालांकि इसके बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने मिलकर जबरदस्त बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 94 रन जोड़कर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। महज 8 ओवर में ही टीम 123 रन तक पहुंच गई थी।
ऐसे में मुंबई को विकेट की सख्त जरूरत थी और यह काम किया कॉर्बिन बॉश ने। पारी के 9वें ओवर में उन्होंने पहले निकोलस पूरन को आउट किया। लेग स्टंप के बाहर फेंकी गई शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद पर पूरन पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद उनके काफी करीब आ गई और बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर रयान रिकेल्टन के पास चली गई, जहां आसान कैच लपक लिया गया और पूरन 21 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर बॉश ने मिचेल मार्श को भी चलता कर दिया। इस बार भी गेंद थोड़ी शॉर्ट और तेजी से आई, जिस पर मार्श ने पुल खेलने की कोशिश की, लेकिन सही टाइमिंग नहीं कर पाए और डीप मिड-विकेट पर खड़े नमन धीर के हाथों कैच आउट हो गए। मार्श 25 गेंदों में 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
VIDEO:
इस तरह कॉर्बिन बॉश ने एक ही ओवर में दो बड़े विकेट लेकर मुंबई इंडियंस को मैच में वापसी दिलाई और लखनऊ की मजबूत होती पारी पर ब्रेक लगा दिया।
टीमें इस मैच के लिए
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग XI): रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह ग़ज़नफ़र, रघु शर्मा
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: रोहित शर्मा, रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, कृष भगत, शार्दूल ठाकुर और अश्विनी कुमार।
Also Read: LIVE Cricket Score
लखनऊ सुपर जायंट्स (प्लेइंग XI): मिचेल मार्श, एडेन मारक्रम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, अवेश खान, प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, जार्ज लिंडे और दिग्वेश राठी।