कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) के 11वें मुकाबले में गयाना अमेजन वॉरियर्स (Guyana Amazon Warriors) के लिए खेल रहे वेस्टइंडीज के 21 साल के युवा ऑलराउंडर मवेन्द्र दिन्द्याल (Mavendra Dindyal) ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली। सेंट लूसिया के डेरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार (20 अगस्त) को सेंट लूसिया किंग्स (St Lucia Kings) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिन्द्याल ने ऐसा शानदार कैच पकड़ा, जिसे देखकर हर कोई उनकी तारीफ करने लगा।
यह घटना सेंट लूसिया किंग्स की पारी के छठे ओवर की पांचवी गेंद पर देखने को मिली। ड्वेन प्रिटोरियस ने स्टंप्स पर शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर बल्लेबाजी कर रहे एंड्रीज गौस ने पीछे हटकर गेंद को डीप मिडविकेट की तरफ शॉर्ट खेल दिया। वहां तैनात मवेन्द्र दिन्द्याल ने गेंद की दिशा को भांपते हुए तेजी से साइड में मूव किया और बाउंड्री के बिल्कुल करीब शानदार कैच लपक लिया।
VIDEO:
Mavendra Dindyal takes a Flow Classic Catch on the boundary#CPL26 #SLKvGAW #CricketPlayedLouder #BiggestPartyInSport #Flow pic.twitter.com/C7K4qsajtM CPL T20 (CPL) August 20, 2026
दिन्द्याल के इस बेहतरीन प्रयास ने खतरनाक नजर आ रहे गौस की पारी का अंत कर दिया। वह 21 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
मैच की बात करें तो सेंट लूसिया किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 151 रन बनाए। टीम की ओर से चरिथ असलंका ने 28 गेंदों में 35 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। हालांकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सका।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गयाना अमेजन वॉरियर्स ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। मवेन्द्र दिन्द्याल ने 51 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 26 गेंदों में 36 रन की अहम पारी खेली। दोनों की पारियों की बदौलत गयाना अमेजन वॉरियर्स ने सिर्फ 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।