कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) के क्वालिफायर-2 में गुयाना अमेजन वॉरियर्स (Guyana Amazon Warriors) और जमैका किंग्समेन (Jamaica Kingsmen) के बीच एक ऐसी अजीबोगरीब घटना देखने को मिली, जिसने कुछ देर के लिए मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को भी हैरान कर दिया। गुयाना के युवा ऑलराउंडर मवेन्द्र दिन्द्याल (Mavendra Dindyal) गेंद स्टंप पर लगने के बावजूद रन आउट होने से बच गए।

Advertisement

यह घटना शुक्रवार (18 सितंबर) को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की पारी के चौथे ओवर में देखने को मिली। वेस्टइंडीज के युवा 21 वर्षीय अन्कैप्ट ऑलराउंडर मवेन्द्र दिन्द्याल ने आंद्रे रसेल की फुल लेंथ गेंद को स्क्वायर लेग की तरफ खेला और रन के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, नॉन-स्ट्राइकर छोर से शाई होप ने उन्हें वापस भेज दिया।

जमैका के फील्डर कीमो पॉल ने गेंद को तेजी से उठाया और एक हाथ से सीधा स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स पर शानदार थ्रो कर दिया। जिस समय गेंद स्टंप से टकराई, दिन्द्याल क्रीज से साफ तौर पर बाहर थे। ऐसा लग रहा था कि दिन्द्याल रन आउट हो चुके हैं, लेकिन तभी पूरा मामला पलट गया। गेंद स्टंप पर लगने के बावजूद बेल्स तुरंत नहीं गिरीं। कुछ पल बाद बेल्स नीचे आईं और तब तक दिन्द्याल अपना बल्ला वापस क्रीज के अंदर पहुंचा चुके थे।

मैदान पर मौजूद अंपायर ने इस मामले को तीसरे अंपायर के पास भेजा। रिप्ले में भी साफ दिखा कि जब गेंद पहली बार स्टंप से टकराई, उस समय दिन्द्याल क्रीज से बाहर थे। लेकिन बेल्स पूरी तरह नहीं गिरी थीं। इसी वजह से टीवी अंपायर ने उन्हें नॉट आउट करार दिया।

VIDEO:

हालांकि, दिन्द्याल को मिला यह जीवनदान ज्यादा देर तक काम नहीं आया। वह सिर्फ 9 रन बनाकर हसन खान का शिकार हो गए।

मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए। टीम के लिए शिमरॉन हेटमायर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 45 गेंदों में नाबाद 102 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। 

Also Read: LIVE Cricket Score

207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका किंग्समेन के लिए पहले कीसी कार्टी ने 40 गेंदों में 56 रन की पारी खेली। अंत में कप्तान रोवमैन पॉवेल ने सिर्फ 17 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। जमैका किंग्समेन ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 207 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और पांच विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने सीपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना रविवार को एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कन्स से होगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार