आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। नाथन एलिस के बाहर होने के बाद अब एक और अहम खिलाड़ी के खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में टीम को शुरुआती मैचों में बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
आईपीएल 2026 का आगाज 22 मार्च से होने वाला है, लेकिन उससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अच्छी खबरें नहीं आ रही हैं। टीम के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस पहले ही चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं और अब ऑस्ट्रेलिया के ही ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट के खेलने पर भी सस्पेंस बन गया है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक मैथ्यू शॉर्ट अंगूठे की चोट से जूझ रहे हैं और अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। इसी कारण वह टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। बताया जा रहा है कि उन्हें हाल ही में एक घरेलू मैच के दौरान यह चोट लगी थी। हालांकि, फ्रेंचाइजी की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने मैथ्यू शॉर्ट को आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में 1.5 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। इससे पहले वह आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं और टीम को उनसे इस सीजन में काफी उम्मीदें थीं।
गौरतलब है कि इस बार सिर्फ चेन्नई ही नहीं, बल्कि कई टीमों को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की चोट ने परेशान किया है। नाथन एलिस और जैक एडवर्ड्स पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क जैसे बड़े नाम भी शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में गुवाहाटी में करेगी। पिछले सीजन टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, ऐसे में इस बार फैंस को बेहतर शुरुआत की उम्मीद होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम:
एमएस धोनी (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवॉल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कंबोज, अकील होसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर और जाक फाउल्क्स।