Sanju Samson And Heinrich Klaseen Fight Video: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का 63वां मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया था जहां सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) ने 19 ओवर में 181 रनों का टारगेट हासिल करके चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को 5 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले के दौरान मैदान पर संजू सैमसन और हेनरिक क्लासेन के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये घटना SRH की इनिंग के 15वें ओवर में घटी। यहां नूर अहमद ने अपनी तीसरी गेंद पर हेनरिक क्लासेन को चकमा दिया था जिसके बाद संजू सैमसन ने विकेट के पीछे गेंद को पकड़ा और बिजली की तेजी से स्टंप्स के ऊपर रखे बेल्स उड़ा दिए।
इस तरह चेपॉक के मैदान पर हेनरिक क्लासेन 26 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए और फिर वो अचानक ही बेहद आक्रमक हो गए। उन्होंने पवेलियन लौटते समय संजू सैमसन को बेहद करीब से घूरा और कुछ तीखे शब्द भी कहे। क्लासेन का आक्रमक अंदाज़ देखकर संजू सैमसन काफी नाराज़ हुए और उन्होंने अंपायर से इसकी शिकायत की। आप नीचे इस घटना का पूरा वीडियो देख सकते हो।
बताते चलें कि हेनरिक क्लासेन भले ही चेन्नई के सामने अर्धशतक बनाने से चूक गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने एक बार फिर ऑरेंज कैप अपने सिर सजा लिया है। उन्होंने 13 मैचों में 50.45 की औसत से 555 रन बनाकर ये कारनामा किया है। उनके बाद ऑरेंज कैप की लिस्ट में गुजरात टाइटंस के साईं सुदर्शन (13 मैचों में 554 रन) और शुभमन गिल (12 मैचों में 552 रन) हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
खास बात तो ये है कि चेन्नई पर जीत हासिल करके सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वो 13 मैचों में 8 जीत और 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल पर तीसरे पायदान पर है। बात करें टॉप-4 की बाकी टीमों की तो इनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (13 मैचों में 18 पॉइंट्स), गुजरात टाइटंस (13 मैचों में 16 पॉइंट्स) और पंजाब किंग्स (13 मैचों में 13 पॉइंट्स) है। बेंगलुरु और गुजरात की टीम भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।