मेजबान इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 87 रनों से हराकर टूर्नामेंट का आगाज़ जीत के साथ किया। इंग्लिश टीम से मिले 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए इस मैच की नायिका डैनी व्याट रहीं जिन्होंने ना सिर्फ नाबाद शतक लगाया बल्कि फील्डिंग में भी कमाल का प्रदर्शन किया।
इस मैच में एक पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका को अच्छी शुरुआत की दरकार थी लेकिन चार्ली डीन ने ऐस नहीं होने दिया। उन्होंने चौथे ओवर में ही श्रीलंका की कमर तोड़ते हुए उनकी कप्तान और खतरनाक बल्लेबाज चमारी अथापथु को पवेलियन भेज दिया। हालांकि, इस विकेट में सबसे बड़ा हाथ डैनी व्याट का था। उन्होंने एक मुश्किल कैच को आसान बनाते हुए अथापथु की पारी का अंत किया। इस कैच को देखकर कमेंटेटर्स भी दंग रह गए।
इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में एक विकेट खोकर 219 रन बनाए। महिला टी-20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाकर इंग्लिश टीम ने इतिहास रच दिया। इंग्लिश टीम ने साल 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाए 213/5 के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। इंग्लिश टीम की तरफ से डैनी व्याट ने 62 गेंदों में 105 रनों की नाबाद पारी खेली। वो महिला टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर अब सर्वाधिक रन बनाने वाली तीसरी बल्लेबाज बन गई हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, डैनी व्याट महिला टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली संयुक्त रूप से दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं। वो टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक 3 शतक लगा चुकी हैं। वहीं, महिला टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड यूएई की बल्लेबाज ईशा ओजा (5 शतक) के नाम है।