Dasun Shanaka Unwanted Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका पहली ही गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। यह सिर्फ एक विकेट नहीं बल्कि उनके टी20 करियर का एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बन गया।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप बी मुकाबले में रविवार (8 फरवरी) को श्रीलंका और आयरलैंड की टीमें कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा और वह गोल्डन डक का शिकार हो गए।
पारी के 19वें ओवर में आयरलैंड के तेज गेंदबाज बैरी मैकार्थी ने मिडिल स्टंप के आसपास हाई फुलटॉस डाली। शनाका ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर हवा में उछल गई। शॉर्ट थर्ड मैन पर मौजूद मार्क अडायर ने मुश्किल कैच लपकते हुए उन्हें पवेलियन भेज दिया। गेंद की ऊंचाई को लेकर थोड़ी चर्चा जरूर हुई, लेकिन अंपायर ने गेंद को वैध करार दिया।
इस आउट के साथ दासुन शनाका टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 16वीं बार शून्य पर आउट हुए और सबसे ज्यादा डक झेलने वाले बल्लेबाज़ बन गए। उन्होंने रवांडा के जैपी बिमेन्यिमाना का 15 डक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा डक लगाने वाले खिलाड़ी
- 16 – दासुन शनाका (113 पारियां)
- 15 – जैपी बिमेन्यिमाना (62 पारियां)
- 14 – पॉल स्टर्लिंग (159 पारियां)
- 13 – चालोएमवोंग (52 पारियां)
- 13 – केविन इराकोज़े (56 पारियां)
मैच की बात करें तो श्रीलंका की पारी को कामिंदु मेंडिस और कुसल मेंडिस ने संभाला। कुसल मेंडिस ने संयम के साथ खेलते हुए 43 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने महज 19 गेंदों में 44 रन ठोककर तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 67 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
टीमें इस मैच के लिए
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, पवन रत्नायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, दुनिथ वेलालागे, वानिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना।
Also Read: LIVE Cricket Score
आयरलैंड (प्लेइंग इलेवन): पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, कर्टिस कैम्फर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीस।