David Warner And Moeen Ali Fight Video: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) का 10वां मुकाबला बीते गुरुवार, 02 अप्रैल को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया था जहां कराची किंग्स (Karachi Kings) की टीम ने 198 रनों का लक्ष्य हासिल करके रावलपिंडी (Rawalpindi) को 5 विकेट से हार का स्वाद चखाया। गौरतलब है कि इस मुकाबले के बाद कराची किंग्स के खेमे से एक वीडियो सामने आया जिसमें टीम के दो बड़े खिलाड़ी डेविड वॉर्नर (David Warner) और मोईन अली (Moeen Ali) आपस में भिड़ते दिखे। ऐसा क्यों हुआ अब इसकी पूरी वज़ह सामने आ गई है।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि सोशल मीडिया पर एक 14 सेकंड का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें कराची किंग्स के कैप्टन डेविड वॉर्नर अपने साथी खिलाड़ी मोईन अली की तरफ जाते हुए काफी आक्रमक दिख रहे हैं। उनके हावभाव से ऐसा लग रहा है कि वो मोईन अली से नाराज़ हैं और उसे कुछ कठोर शब्द कह रहे हैं। इस वीडियो में ये भी देखा जा सकता है कि कराची किंग्स टीम के डायरेक्ट हैदर अज़हर डेविड वॉर्नर को शांत कराते हुए उन्हें दूर लेकर जाने की कोशिश करते हैं।
गौरतलब है कि इस वायरल वीडियो पर अब खुद कराची किंग्स के कैप्टन डेविड वॉर्नर ने रिएक्ट किया है और घटना की सच्चाई बताई है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से ये वीडियो शेयर करके लिखा, “मैंने हैदर अजहर से कहा कि वो पहले जाएं और जाकर हाथ मिलाएं।” इतना ही नही्ं, टीम डायरेक्टर हैदर अज़हर ने भी एक ट्वीट साझा किया है और इस घटना पर लिखा, “ये सच नहीं है। वो दोनों मेरा मजाक उड़ा रहे थे।” आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बात करें अगर इस मुकाबले की तो PSL 2026 का 10वां मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया था जहां कराची किंग्स के कैप्टन डेविड वॉर्नर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। इसके बाद रावलपिंडी के लिए डेरिल मिचेल (41 गेंदों पर 65 रन) और सैम बिलिंग्स (35 गेंदों पर 58 रन) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली जिसके दम पर टीम ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाए।
इसके जवाब में कराची किंग्स के लिए आज़म खान ने 34 गेंदों पर 74 रन ठोके, वहीं डेविड वॉर्नर ने 36 गेंदों पर 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इन्हीं पारियों के दम पर कराची किंग्स की टीम ने 19.2 ओवर में 198 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 5 विकेट से जीत दर्ज की। ये जीत हासिल करके अब वो पॉइंट्स टेबल पर नंबर-1 की पॉजिशन पर पहुंच गए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक अपने तीनों ही मैच जीते हैं। दूसरी तरफ रावलपिंडी की टीम पॉइंट्स टेबल पर सातवें पायदान पर हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले हैं और दो ही गंवाए हैं।