बेंगलुरू, 7 अप्रैल (CRICKETNMORE)| कगिसो रबाडा (21 रन पर 4 विकेट) के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (67) के बेहतरीन अर्धशतक की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने यहां एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के 20वें मैच में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चार विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ ही कोहली की कप्तानी वाली बैंगलोर का प्लेऑफ का सपना लगभग खत्म हो गया है। इसके लिए उसे अपने अगले 8 मैच जीतने होंगे।  

Advertisement

दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए बैंगलोर को आठ विकेट पर 149 रन पर रोक दिया और फिर 18.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Advertisement

दिल्ली की छह मैचों में यह तीसरी जीत है और अब वह आठ टीमों की अंकतालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, बैंगलोर को लगातार छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। 

हालांकि विराट कोहली की कप्तानी वाली बैंगलोर आईपीएल के इतिहास में पहली ऐसी टीम नहीं है, जिसे लीग के पहले छह मैचों में हार मिली है। बैंगलोर से पहले दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) को भी 2013 में पहले छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। 

बैंगलोर से मिले 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने एक रन के स्कोर पर ओपनर शिखर धवन (0) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद पृथ्वी शॉ (28) और अय्यर ने दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। 

शॉ टीम के 69 के स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 22 गेंदों पर पांच चौके लगाए। शॉ के आउट होने के बाद कप्तान अय्यर ने कोलिन इंग्राम (22) के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। इंग्राम ने 21 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। 

Advertisement

इंग्राम के आउट होने के बाद अय्यर ने ऋषभ पंत (18) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी कर दिल्ली को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया। 

अय्यर ने 50 गेंदों की पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। पंत ने 14 गेंदों पर दो चौका लगाया। क्रिस मोरिस खाता खोले बिना आउट हुए जबकि अक्षर पटेल चार और राहुल तेवतिया एक रन बनाकर नाबाद लौटे।

बैंगलोर के लिए नवदीप सैनी ने दो और टिम साउदी, पवन नेगी, मोहम्मद सिराज तथा मोइन अली ने एक-एक विकेट लिया।

Advertisement

इससे पहले, कगिसो रबाडा (21 रन पर 4 विकेट) की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली ने बैंगलोर को आठ विकेट पर 149 रन पर रोक दिया और फिर छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी बैंगलोर ने 16 के स्कोर पर पार्थिव पटेल (9) और 40 के स्कोर पर अपने विस्फोटक बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स (17) का विकेट गंवा दिया। 

इसके बाद मेजबान टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई जिसके कारण वह बड़े स्कोर की ओर नहीं बढ़ पाई।

Advertisement

बैंगलोर की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 33 गेंदों की पारी में एक चौके और दो छक्के की मदद से 41 और मोइन अली ने 18 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 32 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए सबसे ज्यादा 37 रन की साझेदारी की। 

उनके अलावा अक्षदीप नाथ ने 19, मार्कस स्टोयनिस ने 15 और टिम साउदी ने नाबाद नौ रन बनाए। बैंगलोर ने अंतिम चार ओवर में 35 रन बनाए और चार विकेट भी गंवाए।

दिल्ली के लिए रबाडा ने सबसे अधिक चार विकेट चटकाए। इन चार विकेटों में कोहली और डिविलियर्स के विकेट भी शामिल हैं। उनका टी-20 में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रबाडा लीग में अब तक 11 विकेट ले चुके हैं और गेंदबाजों में शीर्ष पर आ गए हैं।

Advertisement

रबाडा के अलावा क्रिस मोरिस ने दो और अक्षर पटेल तथा संदीप लामिछाने ने एक-एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार