दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने यहां के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को मुंबई इंडियंस के साथ जारी आईपीएल के 13वें सीजन के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। मुंबई की टीम पांचवीं बार चैम्पियन बनने के लिए मैदान पर उतरी है जबकि दिल्ली पहली बार चैम्पियन का ताज पहनने का प्रयास करेगी। इससे पहले दिल्ली की दो बार (2008 और 2009) सेमीफाइनल में पहुंची थी लेकिन फाइनल खेलना उसे पहली बार नसीब हुआ है।
बीते साल दिल्ली की टीम लम्बे इंतजार के बाद प्लेऑफ में पहुंची थी लेकिन वहीं से उसे घर वापसी करनी पड़ी थी।
दिल्ली के कप्तान ने टॉस के बाद कहा कि उनकी टीम के लिए यह बड़ा मौका है लेकिन वह ऐसी स्थिति में है, जहां वह कुछ खोएगी नहीं और इसी कारण वह अपना स्वाभाविक खेल दिखाएगी।
दिल्ली के लिए मुंबई को हराना आसान नहीं होगा क्योंकि इस सीजन में दोनों के बीच यह चौथा मैच है और इससे पहले के तीन मुकाबलों में दिल्ली हार हुई है। मुंबई ने दो बार लीग स्तर पर और एक बार क्वालीफायर-1 में दिल्ली को पटखनी दी थी।
मुंबई की टीम अब तक चार बार- 2013, 2015, 2017 और 2019 में आईपीएल चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया है।
दिल्ली की टीम ने इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं किया है जबकि मुंबई की टीम ने एक बदलाव किया है। दीपक चाहर के स्थान पर जयंत यादव को मौका दिया गया है।
टीमें:
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुनाल पांड्या, नाथन कूल्टर नाइल, जयंत यादव, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): मार्कस स्टोइनिस, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिम्रोन हेटमीर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), एक्सर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कागिसिस रबाडा, प्रवीण दुबे, एनरिक नॉर्खिया