SLC-XI vs IND Warm-Up Match: भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच खेले जा रहे वार्म-अप मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने शतकीय पारी खेलकर भारत को श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर के करीब पहुंचा दिया है, जबकि रवींद्र जडेजा ने भी अर्धशतक जड़ा। श्रीलंका XI के 363 रन के जवाब में भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। 

Advertisement

भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच तीन दिवसीय वार्म-अप मुकाबले में शनिवार (8 अगस्त) को दूसरे दिन का खेल पूरा हुआ। कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर श्रीलंका XI की पहली पारी 363 रन पर घोषित होने के बाद भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी।

भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। कप्तान केएल राहुल ने कुछ देर समय बिताकर 67 गेंदों में 40 रन बनाए।

इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को मजबूती दी। पडिक्कल ने बेहतरीन शतक जड़ा और रवींद्र जडेजा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 117 गेंदों में 63 रन की पारी खेलकर रिटायर्ड आउट हो गए। वहीं मानव सुथार ने 90 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि सारांश जैन 45 गेंदों में 22 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए।

शतक लगाकर रिटायर्ड आउट हो चुके देवदत्त पडिक्कल दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे और दिन का खेल खत्म होने तक 164 गेंदों में 142 रन बनाकर नाबाद रहे। पडिक्कल के साथ गुरनूर बराड़ भी तेजी से रन बना रहे हैं। वह 18 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों की बल्लेबाजी के दम पर भारत ने दूसरे दिन स्टंप तक 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं और अब वह श्रीलंका XI के पहली पारी के स्कोर से सिर्फ 6 रन पीछे है।

Also Read: LIVE Cricket Score

इससे पहले मुकाबले के पहले दिन टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका क्रिकेट XI ने 90 ओवर में 8 विकेट खोकर 363 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दी थी। टीम के लिए रविंदु रसांथा ने 143 गेंदों में 71 रन बनाए थे, जबकि निशान फर्नांडो ने 65 गेंदों में 66 रन की पारी खेली।श्रीलंका XI के कप्तान सोनल दिनुशा ने भी 71 गेंदों में 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार