Namibia T20I Tri-Series 2026: नामीबिया में खेली जा रही टी20 ट्राई सीरीज के इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को एकतरफा अंदाज में मात दी। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रन का स्कोर खड़ा किया, लेकिन साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) ने लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया। उनकी तूफानी पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
नामीबिया टी20 ट्राई सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (29 अगस्त) को विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 144 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 35 गेंदों में 34 रन की पारी खेली। वहीं बेन करन ने 12 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए।
इसके अलावा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तदिवानाशे मारुमनी ने भी सिर्फ 13 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेली। हालांकि जिम्बाब्वे के अन्य प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। कप्तान सिकंदर रजा 10 और डायोन मायर्स 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसके चलते टीम बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाई।
साउथ अफ्रीका के लिए गेंदबाजी में डुआन जानसेन ने तीन विकेट अपने नाम किए। प्रेनेलन सुब्रायेन को भी दो सफलता मिली, जबकि ईथन बॉश, क्वेना मफाका और ब्योर्न फोर्टुइन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ब्रेविस ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। ब्रेविस ने महज 32 गेंदों में नाबाद 75 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 13 गेंदों में 22 रन और जॉर्डन हरमन ने भी 13 गेंदों में 20 रन का योगदान दिया।
डेवाल्ड ब्रेविस की विस्फोटक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साउथ अफ्रीका ने महज 13.4 ओवर में 145 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस और न्यूमैन न्यामहूरी को एक-एक विकेट मिला, लेकिन ब्रेविस के तूफान को रोकने के लिए यह काफी नहीं था।
साउथ अफ्रीका के लिए यह जीत बेहद अहम थी, क्योंकि टीम को अपने पहले मुकाबले में मेजबान नामीबिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत के बाद साउथ अफ्रीका को पहले दो अंक मिले और टीम अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। वहीं जिम्बाब्वे की टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई है।