राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में जोफ्रा आर्चर की पहली ही गेंद पर विकेट मिल सकता था, लेकिन ध्रुव जुरेल से यह कैच छूट गया। इस पर आर्चर का रिएक्शन देखने लायक था। हालांकि, उसी ओवर में उन्होंने वापसी करते हुए अपना शिकार हासिल कर लिया।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने सनराइजर्स हैदराबाद की पारी की पहली ही गेंद पर कमाल की डिलीवरी फेंकी, जिस पर ट्रेविस हेड के बल्ले का एज लग गया और गेंद सीधा विकेटकीपर जुरेल के पास गई। लेकिन जुरेल इस कैच को पकड़ने में नाकाम रहे।
यह मौका गंवाने के बाद आर्चर का गुस्सा साफ नजर आया। उन्होंने जोर से चिल्लाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की, क्योंकि वह IPL 2026 में पहले ही कई बार पहली गेंद पर विकेट ले चुके हैं और यहां भी उन्हें वैसा ही मौका मिला था।
हालांकि, आर्चर ने खुद को संभाला और उसी ओवर की पांचवी गेंद पर फिर से शानदार गेंद डाली। इस बार भी हेड ने गलती की और गेंद को एज लगा बैठे, लेकिन इस बार जुरेल ने कोई गलती नहीं की और कैच पकड़ लिया। हेड सिर्फ 5 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए।
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की फील्डिंग में सिर्फ यही गलती नहीं रही। अभिषेक शर्मा को भी पावरप्ले में दो जीवनदान मिले। पहले शिमरोन हेटमायर ने बाउंड्री के पास कैच छोड़ा और बाद में रवींद्र जड़ेजा जैसे भरोसेमंद फील्डर ने भी एक आसान कैच टपका दिया। फिल्डिंग में यह गलतियां टीम को भारी पड़ी और जिसके चलते टीम को मैच भी हाथ से गवाना पड़ा।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी के 37 गेंदों में 103 रन की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत 228 रन बनाए थे। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस बड़े लक्ष्य को भी आसान बना दिया। अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 57 रन और ईशान किशन ने 31 गेंदों में 74 रन की विस्फोटक पारियां खेली, जिसके दम पर टीम ने 9 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।