AFG vs ZIM 2nd Test: जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे और निर्णायक मुकाबले को 57 रन से जीतकर टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में डेब्यूटेंट नसीर खान मारूफखिल ने कुल 9 विकेट हासिल करने के बाद बल्ले से शतक जमाकर सुर्खियां बटोरीं, लेकिन अफगान टीम को जीत नहीं दिला सके।

अफगानिस्तान ने टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया था, जिसके बाद टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा। ऐसे में दूसरा मुकाबला निर्णायक बन गया था, जिसे अपने नाम करने के साथ जिम्बाब्वे ने सीरीज जीत ली।

दोनों देशों के बीच 2020/21 में खेली गई सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी, जिसके बाद 2024/25 में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को टेस्ट सीरीज में 1-0 से मात दी थी। इसके बाद 2025/26 में जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के विरुद्ध एकलौता टेस्ट मैच जीता था।

शारजाह में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 339 रन बनाए। इनोसेंट काइया (96) और बेन करेन (44) ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। इसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ 102 रन की साझेदारी की। टेलर ने 119 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ब्रैड इवांस 32 रन बनाकर नाबाद रहे।

अफगानिस्तान की तरफ से डेब्यूटेंट नसीर खान मारूफखिल ने 44 ओवरों में 151 रन देकर 7 विकेट झटके, जबकि जियाउर रहमान शरीफी को 2 विकेट मिले।

जिम्बाब्वे के 339 रन के जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई। अफसर जजई ने 63 रन की पारी खेली, जबकि रहमानुल्लाह जादरान ने 34 रन और हशमतुल्लाह शाहिदी ने 30 रन बनाए। नसीर खान मारूफखिल ने 20 रन का योगदान दिया।

जिम्बाब्वे की ओर से विन्सेंट मासेकेसा ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी ने 3, ग्रीम क्रेमर ने 2 और ब्रैड इवांस ने 1 विकेट लिया।

जिम्बाब्वे के पास पहली पारी के आधार पर 122 रन की बढ़त थी, उसने अपनी दूसरी पारी 295/9 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में कप्तान ब्रायन बेनेट (28) ने ब्रैंडन टेलर (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रन, जबकि ग्रीन क्रेमर (नाबाद 50) ने ब्लेसिंग मुजरबानी (59) के साथ नौवें विकेट के लिए 90 रन जोड़े। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम सैफी ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि यामीन अहमदजई, नसीर खान और जियाउर रहमान शरीफी ने 2-2 विकेट हासिल किए।

अफगान खेमे को जीत के लिए 418 रन का विशाल टारगेट मिला, लेकिन टीम 360 रन पर ढेर हो गई। अफगानिस्तान ने 106 के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद इकराम अलीखिल ने अफसर जजई के साथ छठे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 167 के स्कोर तक पहुंचाया।

इकराम 26 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद डेब्यूटेंट नसीर खान मारूफखिल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 242 गेंदों में 10 चौकों के साथ नाबाद 101 रन बनाए, लेकिन अफगानिस्तान को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने 3-3 विकेट झटके, जबकि ग्रीन क्रेमर और विन्सेंट मासेकेसा ने 2-2 शिकार किए।

मुकाबले की दोनों पारियों में 3-3 विकेट और बल्ले से कुल 68 रन (9 और 59) बनाने वाले ब्लेसिंग मुजरबानी 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए, जबकि दोनों मुकाबलों में कुल 382 रन बनाने वाले ब्रैंडन टेलर को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार