ENG vs PAK 2nd Test: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जा रहा है। शुक्रवार (28 अगस्त) को मुकाबले के दूसरे दिन पाकिस्तान की पहली पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम महज 110 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने पहली पारी के आधार पर 180 रन की बढ़त हासिल की और दूसरी पारी में भी संभलकर बल्लेबाजी करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक अपनी बढ़त 261 रन तक पहुंचा दी है।

Advertisement

इंग्लैंड ने दूसरे दिन अपनी पहली पारी को 9 विकेट पर 248 रन से आगे बढ़ाया और 290 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इंग्लैंड के लिए जेमी स्मिथ ने 80 गेंदों में 60 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा जॉर्डन कॉक्स ने 105 गेंदों का सामना करते हुए 55 रन बनाए। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गस एटकिंसन ने भी अहम योगदान दिया और 46 गेंदों में 45 रन की पारी खेली।

इसके बाद पाकिस्तान की पहली पारी शुरू हुई, लेकिन उसके बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। पूरी टीम 37.2 ओवर में सिर्फ 110 रन पर ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान की ओर से अजान अवैस ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। उन्होंने 102 गेंदों का सामना किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का लंबा साथ नहीं मिला। कप्तान बाबर आजम सिर्फ 8 रन और मोहम्मद रिजवान 7 रन बनाकर आउट हो गए। पाकिस्तान के कुल 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

इंग्लैंड की तरफ से इस पारी में ओली रॉबिन्सन ने चार विकेट अपने नाम किए। जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट चटकाए, जबकि जोश टंग को दो विकेट मिले।

इस तरह इंग्लैंड को पहली पारी में बनाए गए 290 रन के आधार पर 180 रन की बड़ी बढ़त हासिल हुई। अब इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी  में 3 विकेट खोकर 81 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त  261 रन हो चुकी है।

Also Read: LIVE Cricket Score

स्टंप्स के समय एमिलियो गे 69 गेंदों में 30 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे, जबकि हैरी ब्रूक ने 13 गेंदों का सामना किया था। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार