इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए 12 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में कुछ नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि एक अनुभवी तेज गेंदबाज की लंबे समय बाद वापसी हुई है।
न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 4 जून से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में होने जा रहा है। इस मुकाबले से पहले इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार (2 जून) को पहले टेस्ट के लिए अपनी 12 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में दो नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
26 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज एमिलियो गे को पहली बार इंग्लैंड की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। डरहम काउंटी क्लब के लिए खेलने वाले एमिलियो गे टेस्ट डेब्यू करने के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि वह साल 2025 में इटली के लिए तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले भी खेल चुके हैं।
एमिलियो गे का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उन्होंने 73 फर्स्ट क्लास मैचों में 4702 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं।
वहीं तेज गेंदबाज सोनी बेकर को भी पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। 23 वर्षीय बेकर ने अब तक 12 फर्स्ट क्लास मैचों में 41 विकेट हासिल किए हैं। वह पहले ही इंग्लैंड के लिए एक वनडे और एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और सितंबर 2025 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर चुके हैं।
इसके अलावा 32 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन फरवरी 2024 के बाद पहली बार इंग्लैंड की टेस्ट टीम में लौटे हैं। रॉबिन्सन का टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 20 टेस्ट मैचों में 22.92 की औसत से 76 विकेट हासिल किए हैं। उनकी वापसी से इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की 12 सदस्यीय टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), गस एटकिंसन, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।