India vs England 2nd T20I: भारत के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टी20I के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। टीम में दो बदलाव किए गए हैं, जिसमें जोफ्रा आर्चर की वापसी सबसे बड़ी खबर है। वहीं एक युवा तेज गेंदबाज टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने के लिए तैयार है।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (4 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। पहला मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया था, ऐसे में दोनों टीमें इस मैच में जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेंगी।
मैच से एक दिन पहले इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। टीम मैनेजमेंट ने पहले मुकाबले की तुलना में दो बदलाव किए हैं। सबसे बड़ी वापसी तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की हुई है, जबकि जोश टंग को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है और वह अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करेंगे।
आर्चर और टंग के आने से ल्यूक वुड और साकिब महमूद को बाहर कर दिया गया है। खास बात यह है कि पहले टी20I में साकिब महमूद इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 3 विकेट लिए थे। ऐसे में उनका बाहर होना कई फैंस के लिए चौंकाने वाला फैसला हो सकता है।
जोफ्रा आर्चर पहले टी20I में वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते नहीं खेले थे। उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली थी, इसलिए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने उन्हें पहले मुकाबले में आराम दिया था। अब उनकी वापसी से इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।
आर्चर शानदार फॉर्म में भी हैं। उन्होंने हाल ही में आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 22.36 की औसत से 25 विकेट लिए थे। वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज थे और पूरे टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। ऐसे में इंग्लैंड को उनसे नई गेंद के साथ बड़ी उम्मीदें होंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत के खिलाफ दूसरे टी20I के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI:
फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग।