इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। नाइटक्लब विवाद की जांच का सामना कर रहे बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन इस मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बुधवार (10 जून) को न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी। हालांकि इस स्क्वाड में सबसे बड़ी खबर बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की गैरमौजूदगी है।
ECB ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि नाइटक्लब विवाद की जांच अभी जारी है और इसी वजह से बेन स्टोक्स तथा गस एटकिंसन को 17 जून से किआ ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। दोनों खिलाड़ी हाल ही में टीम प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन के मामले में जांच के दायरे में आए थे।
दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में मिली 115 रन की जीत के बाद लंदन के चेल्सी स्थित एक नाइटक्लब पहुंचे थे। वहीं उनकी मुलाकात सारासेन्स रग्बी खिलाड़ी टोतोआ औवा से हुई, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई और इस दौरान एक सुरक्षा अधिकारी भी चोटिल हो गया। घटना के बाद अब इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्टोक्स की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड ने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को इस मैच के लिए कप्तान नियुक्त किया है। रूट के पास कप्तानी का अच्छा अनुभव है और अब दूसरे टेस्ट में टीम की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
वहीं इंग्लैंड के इस स्क्वाड में दो नए खिलाड़ियों को भी एंट्री हुई है। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को भी टीम में शामिल किया गया है। गस एटकिंसन की गैरमौजूदगी में आर्चर की वापसी इंग्लैंड के लिए बड़ी राहत होगी, क्योंकि हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 में आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22.36 की औसत से 25 विकेट चटकाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड की दूसरे टेस्ट के लिए घोषित टीम:
जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सॉनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ और जोश टंग।