England vs Sri Lanka, 3rd ODI Match Report: टॉम बैंटन (Tom Banton) के शानदार शतक औऱ गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने रविवार (27 सितंबर) को लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में श्रीलंका को 223 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। रनों के लिहाज से इंग्लैंड की वनडे में यह पांचवीं सबसे बड़ी जीत है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर 355 रन का विशाल स्कोर बनाया। इंग्लैंड की शुरूआत खास नहीं रही, जिसके बाद बैंटन ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 150 रन जोड़े।
बैंटन ने पहला इंटरनेशनल शतक जड़ते हुए 105 गेंदों में 126 रन की पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 5 छक्के जड़े। वहीं ब्रूक ने 66 गेंदों में 77 रन और जॉर्डन कॉक्सन 52 गेंदों में 76 रन बनाए।
श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने 3 विकेट, सचिनदु कोलम्बेज ने 2 विकेट, जनिथ लियंगे औऱ दिलशान मदुशंका ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 29.1 ओवर में 132 रनों पर ढेर हो गई। कप्तान कुसल मेंडिस टॉप स्कोरर रहे, जिन्होंने 26 गेंदो में 35 रन की पारी खेली। टीम के छह बल्लेबाज दहाईं के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए।
मेजबान टीम के लिए लियाम डॉसन ने 3 विकेट, गस एटकिंसन ने 2 विकेट, सोनी बेकर, विल जैक्स, जो रूट और जेमी ओवरटन ने 1-1 विकेट अपने खाते में डाला।
Also Read: LIVE Cricket Score
बैंटन को विजयी शतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं ऑलराउंडर विल जैक्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, उन्होंने 147 रन बनाने के अलावा सीरीज में 9 विकेट भी चटकाए।