WEF vs TRT, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड मेंस 2026 के मुकाबले में फिन एलन (Finn Allen) ने अपनी फील्डिंग से सभी को हैरान कर दिया। ट्रेंट रॉकेट्स के लिए खेल रहे न्यूजीलैंड के इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ने हवा में डाइव लगाकर शानदार कैच लपका और जॉर्डन कॉक्स (Jordan Cox) की तेजतर्रार पारी का अंत कर दिया।
द हंड्रेड मेंस 2026 का 11वां मुकाबला बुधवार (29 जुलाई) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर वेल्श फायर और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी कर रही वेल्श फायर की पारी के दौरान जॉर्डन कॉक्स छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। कॉक्स ने आते ही तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए और टीम को एक मजबूत फिनिश की तरफ ले जा रहे थे। आउट होने से पहले वह 16 गेंदों में 33 रन बना चुके थे।
कॉक्स की पारी का अंत पारी की 84वीं गेंद पर हुआ। मिचेल सेंटनर की गेंद पर कॉक्स ने कवर की दिशा में जोरदार शॉट खेला। गेंद को देखकर ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से बाउंड्री तक पहुंच जाएगी, लेकिन डीप मिडविकेट पर खड़े फिन एलन ने कुछ और ही सोच रखा था। फिन एलन ने गेंद को हवा में जाते ही तेजी से दौड़ लगाई और जबरदस्त डाइव लगाकर गेंद को अपने हाथों में लपक लिया। उनका यह कैच इतना शानदार था कि जॉर्डन कॉक्स भी यकीन नहीं कर सके।
VIDEO:
मैच की बात करें तो वेल्श फायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 7 विकेट खोकर 122 रन बनाए। टीम की तरफ से जॉर्डन कॉक्स के अलावा मैथ्यू शॉर्ट ने भी अच्छी पारी खेली और 26 गेंदों में 36 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बना ली। बेन डकेट ने 45 गेंदों में नाबाद 52 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि फिन एलन ने 19 गेंदों में 33 और टॉम बैंटन ने 15 गेंदों में 31 रन जोड़े। इन शानदार पारियों के दम पर ट्रेंट रॉकेट्स ने महज 72 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और इस दौरान 28 गेंदें भी बाकी थीं।