Glenn Maxwell, Australia vs South Africa 2nd T20I: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के पास मंगलवार (12 अगस्त) को डार्विन के मार्रारा क्रिकेट ग्राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में खास रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। इसकी शुरूआत भारतीय समय के अनुसार दोपहर 2.30 बजे से होगी।
बता दें कि पहले मुकाबले में मैक्सवेल बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे थे, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने 1 विकेट चटकाया था।
टी-20 इंटरनेशनल में 150 छक्के
मैक्सवेल ने अभी तक 122 टी-20 इंटरनेशनल मैच की 112 पारियों में 145 छक्के जड़े हैं। पांच छक्के औऱ जड़ते ही वह इस फॉर्मेट में 150 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले और दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक रोहित शर्मा, मार्टिन गुप्टिल, मोहम्मद वसीम और जो बटलर ही यह कारनामा कर पाए हैं।
T20I में सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा- 205
मार्टिन गुप्टिल- 173
मोहम्मद वसीम- 168
जोस बटलर-160
निकोलस पूरन- 149
सूर्यकुमार यादव-146
ग्लेन मैक्सवेल- 145
एलेक्स हेल्स को पछाड़ने का भी मौका
मैक्सवेल के पास टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में एलेक्स हेल्स को पछाड़कर पांचवें नंबर पर पहुंचने का मौका होगा। मैक्सवेल ने अभी तक 484 मैच की 453 पारियों में 562 छक्के जड़े हैं, वहीं हेल्स के नाम 503 मैच की 499 पारियों में 566 छक्के दर्ज हैं। क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और निकोलस पूरन इस मामले में इन दोनों खिलाड़ियों से आगे हैं।
मैक्सवेल अगर 3 विकेट हासिल कर लेते हैं तो उनके टी-20 इंटरनेशनल में 50 विकेट हो जाएंगे। अगर यह मुकाम हासिल कर लेते हैं तो दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन जाएंगे, जिन्होंने इस फॉर्मेट मे 2500 या उससे ज्यादा रन और 50 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। अभी तक बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (129 मैचों में 2,551 रन और 149 विकेट), पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज (119 मैचों में 2,514 रन और 61 विकेट) और मलेशिया के वीरनदीप सिंह (102 मैचों में 3,013 रन और 97 विकेट) ही ऐसा कर पाए हैं।