Harmanpreet Kaur Record: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का 10वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड्स (IND-W vs NED-W) के बीच बुधवार, 17 जून को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय कैप्टन हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में न्यूजीलैंड की महान ऑलराउंडर सोफी डिवाइन (Sophie Devine) को पछाड़ सकती हैं।
दरअसल, भारत-नीदरलैंड मुकाबले में कैप्टन कौर अपनी बैटिंग के दौरान धमाल मचाकर दो छक्के ठोकने का कारनामा करती हैं, तो वो महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपने 21 छक्के पूरे कर लेंगी और इसी के साथ सोफी डिवाइन को पीछे छोड़ते हुए इस टूर्नामेंट में दूसरी सर्वाधिक छक्के मारने वालीं खिलाड़ी बन जाएंगी।
ध्यान दें कि फिलहाल हरमनप्रीत कौर के नाम 40 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में 19 छक्के दर्ज हैं, वहीं सोफी डिवाइन ने भी इतने ही मैचों में 20 छक्के लगाए हैं। इस रिकॉर्ड लिस्ट में सबसे ऊपर वेस्टइंडीज की दिग्गज ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 36 मुकाबले खेले और 31 छक्के लगाए।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली खिलाड़ी
- डिएंड्रा डॉटिन (वेस्टइंडीज) - 36 मैचों की 35 पारियों में 31 छक्के
- सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड) - 40 मैचों की 39 पारियों में 20 छक्के
- हरमनप्रीत कौर (भारत) - 40 मैचों की 34 पारियों में 19 छक्के
- एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया) - 42 मैचों की 39 पारियों में 15 छक्के
- स्मृति मंधाना (भारत) - 26 मैचों की 26 पारियों में 13 छक्के
बताते चलें कि 37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वालीं खिलाड़ी हैं। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक 40 मैचों की 34 पारियों में 1 सेंचुरी और 4 हाफ सेंचुरी ठोककर 762 रन बनाए हैं। इसके अलावा हरमन के नाम 198 टी20 मैचों में 4,111 रन दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदानी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।