पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में हरमनप्रीत कौर ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वह भारत के लिए महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं और साथ ही रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली भारतीय खिलाड़ी भी बन गईं।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला रविवार (14 जून) को भारत और पाकिस्तान के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
हालांकि भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। शेफाली वर्मा सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स भी 1 रन बनाकर पावरप्ले के भीतर ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 91 रन की अहम साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। हरमनप्रीत ने इस दौरान 35 गेंदों में 36 रन का योगदान दिया।
हरमनप्रीत की यह पारी सिर्फ टीम के लिए महत्वपूर्ण नहीं थी, बल्कि उनके करियर के लिए भी बेहद खास साबित हुई। मैच से पहले वह महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मिताली राज के साथ 726 रन पर बराबरी पर थीं। जैसे ही उन्होंने अपनी पहली रन बनाया, वह पूर्व भारतीय महिला कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़कर इस लिस्ट में शीर्ष पर पहुंच गईं।
महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
खिलाड़ी रन
हरमनप्रीत कौर 762
मिताली राज 726
स्मृति मंधाना 592
जेमिमा रोड्रिग्स 408
पूनम राउत 375
इतना ही नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला हरमनप्रीत के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक रहा। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 उनके करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप है। इसके साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने करियर में 9 टी20 वर्ल्ड कप खेले थे। हरमनप्रीत अब भारत की ओर से सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन का स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत कौर के अलावा स्मृति मंधाना (44 गेंदों में 68 रन) ने शानदार अर्धशतक जड़ा और अंत में ऋचा घोष (17 गेंदों में 37 रन) ने तेज बल्लेबाजी करते हुए फिनिंशग पारी खेली।