अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने लेटेस्ट टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी है और इस रैंकिंग के अनुसार, इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक नए नंबर 1 टेस्ट बैटर बन गए हैं। ब्रूक ने अपने हमवतन जो रूट को पछाड़कर नंबर वन की कुर्सी पर कब्जा किया। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के पहले टेस्ट में दोनों पारियों में जल्दी आउट होने के कारण रूट दो स्थान नीचे खिसक गए और ट्रैविस हेड से भी पीछे हो गए।
ब्रूक 2024 के बाद पहली बार टॉप पोजीशन पर लौटे हैं। इंग्लैंड के टेस्ट उप-कप्तान ने पहली पारी में उस पिच पर अर्धशतक लगाया जिस पर बाकी बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरस रहे थे। हालांकि, दूसरी पारी में वो भी बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं, रूट दोनों पारियों में एक और आठ रन पर आउट हुए और अपनी टॉप पोजीशन गंवा बैठे।
वहीं, दूसरी ओर हाल ही में समाप्त हुए भारत और अफगानिस्तान टेस्ट मैच में शतक लगाने के चलते भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की भी रैंकिंग में सुधार हुआ है।वो लेटेस्ट टेस्ट रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़े हैं। गिल के 126 रनों की बदौलत वे 10वें स्थान से आठवें स्थान पर पहुंच गए। गिल अब सबसे ऊंची रैंकिंग वाले भारतीय टेस्ट बैटर हैं। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ दिया है, जो औसत प्रदर्शन के बाद 9वें स्थान पर खिसक गए।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, अफ़गानिस्तान टेस्ट में ऑल-राउंड प्रदर्शन के बाद वॉशिंगटन सुंदर भी तीनों विभागों (बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग) में ऊपर चढ़े हैं। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने बल्लेबाजों की लिस्ट में पांच स्थान की छलांग लगाई और संयुक्त रूप से 42वें नंबर पर पहुंच गए। साथ ही, ऑलराउंडर रैंकिंग में दो पायदान ऊपर चढ़कर नौवें और गेंदबाजों की लिस्ट में पांच स्थान ऊपर चढ़कर 48वें नंबर पर आ गए। राजस्थान के ऑलराउंडर मानव सुथार ने भी टॉप 100 में जगह बना ली है। उन्होंने अपने शानदार डेब्यू मैच में छह विकेट लेने और तेज़ी से 28 रन बनाने के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' का अवॉर्ड जीता था। सुथार ऑलराउंडर रैंकिंग में 82वें स्थान पर पहुंच गए और गेंदबाजों की लिस्ट में 72वें स्थान पर आ गए।