भारत और आयरलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी शानदार गेंदबाजी से आयरलैंड को बड़ा झटका दिया। अर्शदीप की बाहर निकलती गेंद पर आयरलैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी टेक्टर गलती कर बैठे और विकेट के पीछे खड़े संजू सैमसन ने कोई गलती नहीं करते हुए शानदार कैच लपक लिया।
आयरलैंड और भारत के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (26 जून) को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम को शुरुआती ओवरों में ही झटके लगने शुरू हो गए।
आयरलैंड के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैरी टेक्टर से टीम को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने उनकी पारी खाता खुलने से पहले ही खत्म कर दी।
आयरलैंड की पारी का तीसरा ओवर लेकर आए अर्शदीप सिंह ने अपनी आखिरी गेंद पर कमाल कर दिया। अर्शदीप ने ऑफ स्टंप से काफी बाहर फुल लेंथ पर गेंद डाली, जो पिच पर पड़ने के बाद बल्लेबाज से दूर जा रही थी। हैरी टेक्टर इस पर जोरदार ड्राइव लगाने के प्रयास में थे, लेकिन वह गेंद की लाइन को सही तरीके से पढ़ नहीं सके। नतीजा यह रहा कि गेंद उनके बल्ले का हल्का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर संजू सैमसन की तरफ चली गई।
विकेट के पीछे खड़े संजू सैमसन पूरी तरह सतर्क थे। उन्होंने अपने दाईं ओर शानदार डाइव लगाते हुए गेंद को सुरक्षित हाथों में समेट लिया और भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
VIDEO:
इस तरह हैरी टेक्टर की पारी 3 गेंदों में बिना कोई रन बनाकर समाप्त हुई। उनके आउट होने के समय आयरलैंड का स्कोर सिर्फ 25 रन था और टीम ने तीन ओवर के अंदर ही अपना दूसरा विकेट गंवा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो आयरलैंड ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कप्तान लोर्कन टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि गैरेथ डेलानी ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 49 रन की अहम पारी खेली।