WI vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज हसन महमूद (Hasan Mahmud) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट हासिल किए।

27 साल के हसन महमूद ने वेस्टइंडीज की पहली पारी में 24 ओवर गेंदबाजी की और 90 रन देकर छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के चलते कैरेबियाई टीम पहली पारी में 356 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हसन का यह टेस्ट क्रिकेट में पांचवां पांच विकेट हॉल था और इसके साथ ही अब वह टेस्ट क्रिकेट में पांच बार पांच विकेट लेने का कारनामा करने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अपनी टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शहादत हुसैन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में चार बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया था। 

खास बात यह है कि उन्होंने पहली बार अपनी घरेलू जमीन पर एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शाकिब अल हसन और तैजुल इस्लाम 19-19 बार इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं। वहीं, मेहदी हसन मिराज के नाम 15 पांच विकेट हॉल दर्ज हैं। मोहम्मद रफीक ने सात बार यह कारनामा किया है।

बांग्लादेश के लिए एक टेस्ट मैच की पारी में सबसे ज्यादा फाइव-विकेट हॉल लने वाले गेंदबाज

  • शाकिब अल हसन: 71 मैच, 19 फाइव-विकेट हॉल  
  • तैजुल इस्लाम: 65 मैच, 19 फाइव-विकेट हॉल 
  • मेहदी हसन मिराज: 63 मैच, 15 फाइव-विकेट हॉल 
  • मोहम्मद रफीक: 33 मैच, 7 फाइव-विकेट हॉल 
  • हसन महमूद: 19 मैच, 5 फाइव-विकेट हॉल 
  • नईम हसन: 17 मैच, 4 फाइव-विकेट हॉल
  • शहादत हुसैन: 38 मैच, 4 फाइव-विकेट हॉल

हसन महमूद ने साल 2024 में बांग्लादेश के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। अब तक खेले गए 19 टेस्ट मैचों में उनके नाम 59 विकेट दर्ज हैं और उनका गेंदबाजी औसत 27.69 का रहा है। 

Also Read: LIVE Cricket Score

मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज की पहली पारी दूसरे दिन 356 रन पर समाप्त हुई। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट खोकर 88 रन बना लिए थे। तौहीद हृदय 80 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि अनुभवी बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम 56 गेंदों में 19 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार