अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले अफगान कप्तान बन गए। इतना ही नहीं, वनडे डेब्यू के 4644 दिन बाद आया यह उनके करियर का पहला वनडे शतक भी था।
भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (20 जून) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने दबाव भरे मुकाबले में 131 गेंदों पर 102 रन की जुझारू पारी खेली, जिसमें 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
31 वर्षीय शहीदी भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले अफगान कप्तान बन गए हैं। इससे पहले किसी भी अफगान कप्तान ने भारतीय टीम के खिलाफ तीन अंकों का आंकड़ा नहीं छुआ था। यह शतक उनके लिए इसलिए भी बेहद खास रहा क्योंकि यह उनके वनडे करियर का पहला शतक था। उन्होंने साल 2013 में केन्या के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था और उसके बाद उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 4644 दिनों का इंतजार करना पड़ा। वनडे डेब्यू और पहले शतक के बीच इतना लंबा अंतर क्रिकेट इतिहास में चौथा सबसे बड़ा है।
वनडे डेब्यू और पहले शतक के बीच सबसे ज्यादा दिन
- रेजिस चकाबवा – 5040 दिन
- सुनील गावस्कर – 4858 दिन
- अर्जुन रणतुंगा – 4674 दिन
- हशमतुल्लाह शहीदी – 4644 दिन
- नासिर हुसैन – 4639 दिन
शहीदी ने यह शतक अपने 94वें वनडे पारी में लगाया। अफगानिस्तान के लिए यह भी एक नया रिकॉर्ड है, क्योंकि किसी अफगान बल्लेबाज ने अपने पहले वनडे शतक तक पहुंचने के लिए इतनी ज्यादा पारियां नहीं खेली थीं। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान असगर अफगान के नाम था, जिन्होंने 67 पारियों के बाद अपना पहला वनडे शतक लगाया था। वहीं शहीदी ने 126 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो अफगानिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे धीमा शतक है।
अफगानिस्तान के लिए सबसे धीमे वनडे शतक (गेंदों के हिसाब से)
- इब्राहिम जादरान – 131 गेंद बनाम ऑस्ट्रेलिया (2023)
- हशमतुल्लाह शहीदी – 126 गेंद बनाम भारत (2026)
- उस्मान गनी – 125 गेंद बनाम जिम्बाब्वे
- रहमत शाह – 125 गेंद बनाम आयरलैंड
- सिदीकुल्लाह अटल – 125 गेंद बनाम जिम्बाब्वे
अगर मैच की बात करें तो अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई। हशमतुल्लाह शहीदी ने 102 रन बनाए, जबकि अज़मतुल्लाह ओमरजई ने 56 गेंदों पर 50 रन की उपयोगी पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8.2 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट झटके और अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह झकझोर दिया।