Heated Exchange Between Kieron Pollard & Shubham Ranjane: मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2026) में एमआई न्यूयॉर्क और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच सोमवार (22 जून) को खेले गए लीग स्टेज के सातवें मुकाबले के दौरान मैदान पर गर्मागर्मी देखने को मिली। टेक्सास सुपर किंग्स के बल्लेबाज शुभम रंजने और एमआई न्यूयॉर्क के स्टार ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड के बीच रन लेते समय टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
यह घटना टेक्सास सुपर किंग्स की पारी के 12वें ओवर के दौरान हुई। इस ओवर में गेंदबाजी वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड कर रहे थे। एक गेंद को खेलने के बाद शुभम रंजने तेजी से रन लेने के लिए दौड़े, लेकिन पोलार्ड अपने फॉलो-थ्रू में ही खड़े रहे और इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों की पिच के बीच में टक्कर हो गई।
इस टक्कर के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तुरंत कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि मामला वहीं शांत नहीं हुआ। अगले ही गेंद पर पोलार्ड ने अपने रन-अप के बीच में रुककर नॉन-स्ट्राइकर एंड की तरफ देखा और ऐसा लगा कि वह रंजने को क्रीज जल्दी छोड़ने को लेकर चेतावनी दे रहे थे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच फिर से कुछ शब्दों का आदान-प्रदान हुआ।
तनाव तब और बढ़ गया जब अगली गेंद डालने के लिए पोलार्ड अपने रन-अप में आए और आखिरी समय पर शुभम रंजने क्रीज से हट गए। इस पर पोलार्ड नाराज नजर आए और माहौल काफी गर्म हो गया। आखिरकार अंपायर को हस्तक्षेप करना पड़ा और दोनों खिलाड़ियों को शांत कराया गया, जिसके बाद खेल दोबारा शुरू हो सका।
VIDEO:
हालांकि इस गर्मागर्मी का असर शुभम रंजने की बल्लेबाजी पर नहीं पड़ा। उन्होंने दबाव की स्थिति में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों पर 49 रन बनाए। उन्होंने मिलिंद कुमार (39 रन 30 गेंद) के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की, लेकिन वह अपना अर्धशतक पूरा करने से सिर्फ एक रन से चूक गए। इसके अलावा अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और टेक्सास सुपर किंग्स की टीम 158 रन ही बना सकी, जो अंत में नाकाफी साबित हुआ।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई न्यूयॉर्क ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। कप्तान निकोलस पूरन ने 46 गेंदों में नाबाद 68 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मोनांक पटेल ने 34 गेंदों में 46 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। एमआई न्यूयॉर्क ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की।