टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद आईसीसी ने ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान कर दिया है। इस टीम में भारत के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि फाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड टीम का एक भी खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल नहीं है।

Advertisement

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक सफर आखिरकार खत्म हो चुका है। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और इतिहास रच दिया। टूर्नामेंट खत्म होने के बाद अब आईसीसी ने ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें कई दिलचस्प नाम देखने को मिले हैं।

इस खास टीम में भारत के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। उन्होंने सिर्फ 5 पारियों में 321 रन बनाए और फाइनल में भी 89 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इसी शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया और इस टीम के ओपनर हैं।

टीम ऑफ द टूर्नामेंट में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को दूसरे ओपनर के तौर पर शामिल किया गया है। फरहान ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 383 रन बनाए, हालांकि उनकी टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई। वहीं भारत के ईशान किशन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए और इस टीम में अपनी जगह पक्की की।

मिडिल ऑर्डर में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम, भारत के हार्दिक पांड्या, इंग्लैंड के विल जैक्स और वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर को शामिल किया गया है। मार्करम को इस टीम का कप्तान भी बनाया गया है, क्योंकि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 286 रन बनाए और साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल तक पहुंचाया।

गेंदबाजी की बात करें तो भारत के जसप्रीत बुमराह ने इस टूर्नामेंट में 14 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और वह वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी (12 विकेट), इंग्लैंड के आदिल राशिद और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को भी टीम में जगह मिली है।

वहीं यूएसए के शेडली वैन शाल्कविक को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया है। उन्होंने ग्रुप स्टेज में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 मैचों में 13 विकेट झटके थे।

Also Read: LIVE Cricket Score

हालांकि इस टीम के ऐलान के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि फाइनल तक पहुंचने वाली न्यूजीलैंड टीम का एक भी खिलाड़ी इस ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में जगह नहीं बना पाया, जबकि टिम सिफर्ट (326 रन) और फिन ऐलन (298 रन) जैसे बल्लेबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार