भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी मार्क वॉ के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच की आलोचना करने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि चेन्नई की पिच कठिन है लेकिन ऐसा नहीं है कि यह खेलने लायक नहीं है।

Advertisement

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। दूसरे दिन कुल 15 विकेट गिरे थे जिसमें इंग्लैंड एक ही दिन में सभी 10 विकेट गंवाकर 134 रन पर ऑलआउट हो गयी थी।

Advertisement

गावस्कर का मानना है कि पिच खेलने लायक है और रोहित के शानदार शतक ने इस बात को सिद्ध किया है। गावस्कर ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क बचर के साथ स्टार स्पोटर्स में चर्चा करते हुए कहा, "हमने रोहित की 161 रन की पारी को देखा। पिच की आलोचना करना सही नहीं है।"

उन्होंने कहा, "इंग्लैंड में तेज गेंदबाजों को मदद करने वाली पिचें होती हैं। लेकिन कोई इसकी चर्चा नहीं करता। बात हमेशा भारतीय पिचों की ही की जाती है और जब भी गेंद टर्न करना शुरु करती है, तभी लोगों को दिक्कत होती है।"

पिच की आलोचना करते हुए वॉन ने ट्वीट कर कहा था, "क्रिकेट हमेशा मनोरंजन के लिए होता है लेकिन ईमानदारी से कहूं तो यह पिच अजीब है। इसमें कोई शक नहीं कि भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन यह पिच पांच दिन के टेस्ट के लिए तैयार नहीं की गई है।"

वॉ ने लिखा था, "मैं टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद से अच्छे मुकाबले का समर्थक रहा हूं लेकिन चेन्नई की पिच टेस्ट क्रिकेट के लिए अस्वीकार्य है।"

Advertisement

गावस्कर ने कहा, "अगर पिच खेलने लायक नहीं होती तो कोई भी 339 रन का स्कोर नहीं बना पाता। ऐसा नहीं है कि पिच खेलने लायक नहीं है। हां, यह चुनौतीपूर्ण पिच है। पहले टेस्ट के पहले दो दिन जब कुछ ऐसा नहीं हुआ तो लोग कह रहे थे यह बोरिंग है। आप हर वक्त शिकायत नहीं कर सकते हैं।"

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार