इंग्लैंड के साथ एमए चिदम्बरम स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच में भारत पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। इंग्लैंड की पहली पारी के 578 रनों के जवाब में तीसरे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 257 रनों पर छह विकेट गंवा दिए हैं।

Advertisement

दिन का खेल खत्म होने तक वॉशिंगटन सुंदर 33 और रविचंद्रन अश्विन 8 रनों पर नाबाद लौटे। 225 के कुल योग पर ऋषभ पंत (91) का विकेट गिरने के बाद से इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी निभाई है।

Advertisement

सुंदर ने 68 गेंदों का सामना कर पांच चौके लगाए हैं जबकि अश्विन ने 54 गेंदों का सामना किया है। पहली पारी की तुलना में भारत अभी भी 321 रन पीछे है।

पहले सत्र में इंग्लैंड की पहली पारी 578 रनों पर समेटने के बाद भारत ने अब तक रोहित शर्मा (6), शुभमन गिल (29), चेतेश्वर पुजारा (73), कप्तान विराट कोहली (11), अजिंक्य रहाणे (1) और पंत के विकेट गंवाए हैं।India vs England Scorecard

एक समय भारत ने महज 74 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद पंत और पुजारा ने पांच विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकालने का प्रयास किया। पुजारा का विकेट 192 के कुल योग पर गिरा।

पुजारा ने 143 गेंदों का सामना कर 11 चौके लगाए। पंत का विकेट 225 के कुल योग पर गिरा। पंत ने 88 गेंदों पर नौ चौके और पांच छक्के लगाए।

Advertisement

इंग्लैंड की ओर से डोमिनिक बेस ने चार विकेट लिए हैं जबकि जोफ्रा आर्चर को दो सफलता मिली है।

सुबह से ही मैदान पुर डटे पुजारा ने टेस्ट करियर का 29वां अर्धशतक लगाया वहीं पंत ने अपने टेस्ट करियर का अब तक का पांचवां और लगातार तीसरा अर्धशतक जमाया।

भारत ने लंच से पहले रोहित शर्मा (6) और शुभमन गिल (29) का विकेट गंवाया था। मेजबान टीम ने लंच के बाद दो विकेट पर 59 रन से आगे खेलना शुरू किया। पुजारा ने 20 रन और कप्तान विराट कोहली ने अपनी पारी को चार रन से आगे बढ़ाया।

Advertisement

लंच के बाद कोहली कुछ खास नहीं कर सके और अपने स्कोर में सात रन का और इजाफा करने के बाद 11 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने 48 गेंदों का सामना किया। कोहली को डॉम बैस ने ओली पोप के हाथों कैच कराया।

 

कोहली और पुजारा के बीच तीसरे विकेट के लिए 27 रनों की ही साझेदारी हो पाई। कोहली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रहाणे भी मात्र एक रन बनाकर चलते बने। बैस ने रहाणे को भी अपना शिकार बनाया और उन्हें कप्तान जोए रूट हाथों शानदार कैच कराके पवेलियन भेजा।

इससे पहले, इंग्लैंड ने अपने शनिवार के स्कोर आठ विकेट पर 555 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी पूरी टीम 190.1 ओवर में 578 रनों पर ऑलआउट हो गई।

Advertisement

बैस ने 28 और जैक लीच ने अपनी पारी को छह रन से आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने नौवें विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। बैस टीम के 567 के स्कोर पर आउट हुए। उन्हें बुराराह ने पगबाधा आउट किया। बैस ने 105 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 34 रन बनाए।

इंग्लैंड का अंतिम विकेट जेम्स एंडरसन के रूप में 578 के स्कोर पर गिरा। एंडरसन को अश्विन को बोल्ड किया। एंडरसन ने 12 गेंदों पर एक रन बनाया। जैक लीच 57 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

रूट ने 377 गेंदों पर 19 चौके और दो छक्का लगाया। सिब्ले ने 286 गेंदों पर 12 चौके लगाए। स्टोक्स ने 118 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्के लगाए।

Advertisement

उनके अलावा रोरी बर्न्‍स ने 33, डैनियल लॉरेंस ने 0, ओली पोप ने 34, जोस बटलर ने 30, डॉमिनीक बैस ने 34 और जोफरा आर्चर ने 0 रन बनाए।

भारत की ओर से इशांत शर्मा ने 52 रन पर दो विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 84 रन पर तीन विकेट, रविचंद्रन अश्विन ने 146 रन पर तीन विकेट और अपना पदार्पण टेस्ट खेल रहे शाहबाज नदीम ने 167 रन पर दो विकेट लिए।

 

Advertisement

 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार