IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेला जा रहा टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, लेकिन अब उसकी नजर सिर्फ श्रीलंका के बचे हुए छह विकेट पर नहीं बल्कि गॉल के मौसम पर भी होगी।
मंगलवार (18 अगस्त) को चौथे दिन भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से ऋषभ पंत ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 69 गेंदों में 66 रन बनाए। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 44, जबकि केएल राहुल ने 35 रन जोड़े। भारत को पहली पारी में मिली 178 रन की बढ़त के बाद श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य था।
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दिन का खेल खत्म होने तक उसने 84 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए। अब श्रीलंका को मुकाबला जीतने के लिए आखिरी दिन 288 रन और बनाने होंगे, जबकि भारतीय टीम को टेस्ट अपने नाम करने के लिए सिर्फ छह विकेट की जरूरत है। ऐसे में अगर मौसम ने साथ दिया तो टीम इंडिया के पास मुकाबला जल्दी खत्म करने का अच्छा मौका होगा।
हालांकि, गॉल में बुधवार को मौसम का पूर्वानुमान भारतीय टीम के लिए थोड़ी चिंता बढ़ाने वाला है। एक्यूवेदर के मुताबिक सुबह के समय गॉल में आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा और मौसम उमस भरा रहने की उम्मीद है। इस दौरान बारिश की संभावना 58 प्रतिशत तक बताई गई है, जबकि तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ऐसे में दिन की शुरुआत में बारिश या खराब मौसम के कारण खेल प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
दोपहर के समय हालात में कुछ सुधार की उम्मीद है। इस दौरान भी मौसम ज्यादातर बादलों से घिरा और उमस भरा रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना घटकर 25 प्रतिशत रह सकती है। तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और नमी का स्तर लगभग 74 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसे में भारत के लिए आखिरी दिन का सबसे बड़ा लक्ष्य यही होगा कि मौसम खराब होने से पहले ज्यादा से ज्यादा ओवर हासिल किए जाएं। अगर बारिश के कारण खेल में ज्यादा समय बर्बाद हुआ तो श्रीलंका को मैच बचाने का मौका मिल सकता है। वहीं, मौसम साफ रहा तो भारतीय गेंदबाजों के पास छह विकेट लेकर टीम इंडिया को गॉल में जीत दिलाने का शानदार मौका होगा।