वेलिंग्टन, 23 फरवरी| भारत ने यहां बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की है। दिन के दूसरे सत्र का खेल खत्म होने तक भारत ने अपने दो विकेट खोकर 78 रन बना कीवी टीम द्वारा पहली पारी में ली गई 183 रनों की बढ़त को कम करते हुए 105 कर दिया है।

Advertisement

भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 165 रनों पर ढेर हो गई थी। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 348 रन बना भारत पर अच्छी बढ़त ले ली थी।

Advertisement

तीसरे दिन के दूसरे सत्र में अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी भारत के लिए सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल अर्धशतक जमा चुके हैं। वह 52 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में अभी तक 81 गेंदों का सामना कर छह चौके और एक छक्का मारा है।

उनके जोड़ीदार पृथ्वी शॉ 30 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन ही बना सके। ट्रेंट बाउल्ट ने 27 के कुल स्कोर पर शॉ को आउट किया। चेतेश्वर पुजारा ने 81 गेंदों का सामना कर 11 रन बनाए और मयंक के साथ 51 रनों की साझेदारी की। बाउल्ट ने पुजारा को बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दिया और इसी के साथ चायकाल की घोषणा कर दी गई।

इससे पहले, अपनी गेंदों से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने बल्ले से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और तीसरे दिन 44 रनों की पारी खेल न्यूजीलैंड को भारत पर 183 रनों की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

न्यूजीलैंड ने दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 216 रनों के साथ की। जसप्रीत बुमराह ने बीजे वाटलिंग (14) को इसी स्कोर पर पवेलियन लौटा कीवी टीम को दिन का पहला झटका दिया। इसके बाद ईशांत शर्मा ने टिम साउदी (6) को मोहम्मद शमी के हाथों कैच करा न्यूजीलैंड का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 225 रन कर दिया।

Advertisement

यहां लगा कि कीवी टीम अब जल्द ही ऑल आउट हो जाएगी, लेकिन जेमिसन, कोलिन डी ग्रांडहोम और बाउल्ट ने ऐसा नहीं होने दिया। पहले डी ग्रांडहोम और जेमिसन ने आठवें विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। अपना पदार्पण मैच खेल रहे जेमिसन गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद बल्ले से भी शानदार खेल रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रविचंद्रन अश्विन की फिरकी में वह फंस कर छह रन से पचास का आंकड़ा हासिल करने से चूक गए। जेमिसन ने अपनी पारी में 45 गेंदों का सामना कर चार छक्के और एक चौका मारा।

अश्विन ने डी ग्रांडहोम को भी अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। वह 43 के निजी स्कोर पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। उन्होंने 74 गेंदों का पारी में पांच चौके मारे। फिर बाउल्ट ने 24 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बना कीवी टीम को 348 के कुल स्कोर तक पहुंचाया और यहीं ईशांत का पांचवां शिकार बने। बाउल्ट के आउट होते ही कीवी पारी का अंत हो गया।

भारत के लिए ईशांत ने पांच विकेट लिए। अश्विन के हिस्से तीन तो बुमराह और शमी के हिस्से एक-एक सफलता आई।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार