मोहाली, 23 अक्टूबर (CRICKETNMORE): न्यूजीलैंड के खिलाफ पंजाब क्रिकेट संघ मैदान पर हुए तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में भारत को उसके दो कप्तानों ने जीत दिलाई। सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी (80) और सभी प्रारूपों में भविष्य के कप्तान के तौर पर देखे जा रहे विराट कोहली (नाबाद 154) की नायाब पारियों की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया।

Advertisement

न्यूजीलैंड से मिले 286 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने कोहली और धौनी के बीच 151 रनों की साझेदारी की बदौलत भारत ने 48.2 ओवरों में 289 रन बनाए और 10 गेंद रहते जीत हासिल कर ली।

Advertisement

कोहली के साथ मनीष पांडेय (नाबाद 24) भारत को जीत दिलाकर नाबाद लौटे।

भारत ने रोहित शर्मा (13) और अजिंक्य रहाणे (5) के रूप में शुरुआत में जल्द ही दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद धौनी और कोहली ने जिस तरह भारतीय पारी को संभाला, लग रहा था कि भारतीय टीम के जहाज को दो-दो कप्तान नेतृत्व दे रहे हों।

धौनी ने 91 गेंदों की अपनी नायाब पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए। इस दौरान धौनी ने एकदिवसीय करियर में 9,000 रनों का आंकड़ा पार किया और ऐसा करने वाले दुनिया के 17वें बल्लेबाज और तीसरे विकेटकीपर/बल्लेबाज बन गए।

धौनी यह कारनामा करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज हैं। इसके आलावा धौनी ने सर्वाधिक छक्के लगाने के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। धौनी के नाम अब एकदिवसीय में 196 छक्के हो गए हैं, जबकि तेंदुलकर ने 195 छक्के लगाए थे। हालांकि इस सूची में 351 छक्कों के साथ शाहिद अफरीदी शीर्ष पर हैं।

Advertisement

कोहली ने जिस अंदाज में भारत को जीत दिलाई वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य का मार्ग तय करने वाला होगा। कोहली ने 134 गेंदों की अपनी मैच जिताऊ पारी में 16 चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने टॉम लाथम (61), रॉस टेलर (44) और जिम्मी नीशम (57) और मैट हेनरी (नाबाद 39) के अलावा अपने बल्लेबाजों केसंयुक्त प्रयास से 285 रनों का चुनौतपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

हालांकि किवी टीम पूरे ओवर नहीं खेल सकी और दो गेंद पहले ही पूरी टीम पवेलियन लौट गई।

Advertisement

न्यूजीलैंड की पारी समेटने में उमेश यादव और केदार जाधव ने तीन-तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार