लीड्स, 6 जुलाई (CRICKETNMORE)| भारत ने शनिवार को आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में अपने अंतिम लीग मैच में श्रीलंका को सात विकेट से मात दे विजयी क्रम जारी रखा। भारत की इस जीत के हीरो उसकी रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी रही, जिन्होंने श्रीलंका को विजयी विदाई नहीं लेने दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका को एंजेलो मैथ्यूज (113) ने बेहतरीन पारी खेल संकट से निकालते हुए 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 264 रनों का सम्मानजनक स्कोर दिया। भारत ने राहुल और रोहित के शतकों के दम पर इस लक्ष्य को 43.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Advertisement

इस मैच में रोहित ने कुछ और रिकार्ड अपने नाम किए। रोहित ने 94 गेंदों पर 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 103 रन बनाए। यह उनका इस वर्ल्ड कप में पांचवां शतक है। इसी के साथ वह एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के ही पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा को पीछे किया जिनके नाम एक वर्ल्ड कप में चार शतक का रिकार्ड है। 

Advertisement

रोहित साथ ही सचिन तेंदुलकर की बराबरी करने में भी सफल रहे। सचिन वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 1992 से 2011 तक छह वर्ल्ड कप में छह शतक जमाए हैं। रोहित ने इस सूची में सचिन के बराबरी का स्थान हासिल कर लिया है। उनके हिस्से कुल छह वर्ल्ड कप शतक हो गए हैं। इस वर्ल्ड कप में पांच शतक के अलावा उन्होंने 2015 में भी एक शतक जमाया था। 

 

वहीं राहुल का यह पहला वर्ल्ड कप है और उनका यह पहला वर्ल्ड कप शतक भी है। रोहित और राहुल ने पहले विकेट के लिए 189 रन जोड़े और इसी के साथ वर्ल्ड कप में भारत के लिए पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी के अपने ही पुराने रिकाडऱ् को तोड़ा। 

इन दोनों ने इससे पहले इसी वर्ल्ड कप में बर्मिघम में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में पहले विकेट के लिए 176 रन जोड़े थे। 

शतक पूरा करने के बाद रोहित, कासुन रचिथा की गेंद पर मिड ऑफ पर मैथ्यूज के हाथों लपके गए। 

Advertisement

राहुल की पारी का अंत लसिथ मलिंगा ने किया। राहुल के विकेट के साथ ही मलिंगा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए। उन्होंने पाकिस्तन के वसीम अकरम को चौथे स्थान पर पहुंचा दिया। अकरम के 1987-2003 तक खेले गए पांच वर्ल्ड कप में कुल 55 विकेट हैं। 2007 में अपना पहला वर्ल्ड कप खेलने वाले मलिंगा ने राहुल को वर्ल्ड कप में अपना 56वां शिकार बनाया। उनसे आगे श्रीलंका के ही मुथैया मुरलीधरन (68) और आस्ट्रेलिया के ग्लैन मैक्सवेल (71) हैं। यह मलिंगा का आखिरी वर्ल्ड कप है। 

राहुल ने 118 गेंदों का सामना कर 11 चौके और एक छक्का लगाया। ऋषभ पंत चार रन बना सके। 

कप्तान विराट कोहली 34 और हार्दिक पांड्या सात रन बनाकर नाबाद रहे। 

Advertisement

इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनने वाली श्रीलंका एक समय 55 रनों पर ही अपने चार विकेट खो चुकी थी, लेकिन अभी तक बल्ले से विफल होते आ रहे मैथ्यूज ने आखिरी मैच में टीम को संभाला सम्मानजनक स्कोर प्रदान किया। 

वह 49वें ओवर की दूसरी गेंद जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। मैथ्यूज ने 128 गेंदों का सामना कर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से शतक जमाया।

मैथ्यूज को साथ मिला लाहिरू थिरिमाने का जिन्होंने 68 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 53 रनों की पारी खेली। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी की। कुलदीप यादव ने थिरिमाने को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। 

Advertisement

इन दोनों की साझेदारी जमने से पहले कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (10), कुशल परेरा (18), कुशल मेंडिस (3) और अविश्का फर्नाडो (20) पवेलियन लौट चुके थे। करुणारत्ने और परेरा की सलामी जोड़ी को जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन में बैठाया। मेंडिस, रवींद्र जडेजा का शिकार बने और फर्नाडो का विकेट हार्दिक पांड्या के हिस्से आया। 

छठा विकेट मैथ्यूज के रूप में गिरा। आखिरी ओवर में थिसारा परेरा दो के निजी स्कोर पर आउट हुए। धनंजय डी सिल्वा 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके साथ इसुरु उदाना एक रन पर नाबाद रहे।

भारत के लिए बुमराह ने तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर, हार्दिक, जडेजा और कुलदीप को एक-एक विकेट मिला।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार