India vs Zimbabwe T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 23 जुलाई से हरारे में होने जा रही है। सीरीज से पहले टीम इंडिया ने नेट्स में जमकर अभ्यास शुरू कर दिया है। प्रैक्टिस सेशन में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी का भी अभ्यास किया।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (23 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 25 और 26 जुलाई को भी इसी मैदान पर आमने-सामने होंगी। लगातार दो टी20 सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया इस दौरे पर जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी।
भारतीय टीम को हाल के दिनों में टी20 क्रिकेट में लगातार निराशा हाथ लगी है। पहले आयरलैंड ने 2-0 से सीरीज अपने नाम की और फिर इंग्लैंड ने 4-0 से क्लीन स्वीप कर टीम इंडिया को बड़ा झटका दिया। ऐसे में नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में भारतीय टीम इस सीरीज को जीतकर नई शुरुआत करना चाहेगी।
जिम्बाब्वे पहुंचने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में अभ्यास शुरू कर दिया है। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, शिवम दुबे और अन्य खिलाड़ी भी जल्द ही टीम के साथ जुड़ेंगे। फिलहाल टीम के बाकी खिलाड़ी नेट्स में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
गौरतलब है कि इस दौरे पर टीम इंडिया के साथ नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर नहीं हैं। उनकी जगह पूर्व भारतीय दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लक्ष्मण की निगरानी में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग पर जमकर मेहनत की।
प्रैक्टिस सेशन का सबसे दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी का भी अभ्यास करते नजर आए। उनके साथ रिंकू सिंह ने भी नेट्स में गेंदबाजी की। बीसीसीआई ने इस पूरे प्रैक्टिस सेशन का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की टी20 टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेड्गे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह।