ZIM vs IND 3rd T20I: भारत ने तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने वैभव सूर्यवंशी की शानदार 81 रन की पारी के दम पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 157 रन ही बना सकी।
जिम्बाब्वे और भारत के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (26 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
भारत के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक छोर संभालकर 49 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वैभव को ईशान किशन का अच्छा साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन की अहम साझेदारी की। ईशान ने 26 गेंदों में 29 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने18 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली और वैभव के साथ चौथे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने 14 गेंदों में 25 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इन पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजरबानी और वेस्ली मधेवेरे को 1-1 सफलता मिली।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। ब्रायन बेनेट पहली ही गेंद पर गोल्डन डक का शिकार हो गए, जबकि बेन करन 19 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। डायोन मायर्स ने 15 गेंदों में 19 रन बनाए, वहीं कप्तान सिकंदर रजा खाता भी नहीं खोल पाए।
हालांकि इसके बाद रयान बर्ल ने एक छोर संभाले रखा और 43 गेंदों में नाबाद 54 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। वेस्ली मधेवेरे ने भी 25 गेंदों में 28 रन बनाकर उनका कुछ देर साथ दिया, लेकिन दोनों की कोशिशें टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं। जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी और मुकाबला 35 रन से हार गई।
भारत की ओर से मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। यश ठाकुर ने 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि रवि बिश्नोई और अशोक शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ भारत ने तीसरा टी20 मुकाबला 35 रन से अपने नाम किया और जिम्बाब्वे को तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।