India U19 vs Pakistan U19: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार (14 नवंबर) को ओमान क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। ऐसे दबाव भरे मौके पर मोहित उल्वा (Mohit Ulva) ने चौका जड़कर टीम इंडिया को रोमांचक जीत दिला दी।

मुकाबले में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने शानदार शतक जड़ते हुए 111 गेंदों में 107 रन बनाए। वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों में 80 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 60 गेंदों में 63 रन की अहम पारी खेली।

भारत की ओर से गेंदबाजी में काव्या परेश पटेल सबसे सफल रहे। उन्होंने चार विकेट हासिल किए, जबकि सी. वेंकट ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अर्जुन राजपूत को भी एक सफलता मिली। 

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। लक्ष्य ने 101 गेंदों में 80 रन बनाए, जबकि आर्यवीर ने 61 गेंदों में 58 रन जोड़े।

हालांकि इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज वीके विनीत 24, अर्जुन राजपूत 16, यशबर्धन चौहान 9 और अन्वय द्रविड़ 19 रन बनाकर जल्दी ही आउट हो गए। लगातार विकेट गिरने से भारत पर हार का खतरा मंडराने लगा था। ऐसे मुश्किल समय में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने जिम्मेदारी संभाली। 

Also Read: LIVE Cricket Score

दोनों ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी कर भारत को मुकाबले में वापस ला दिया। मनल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत के करीब पहुंचाकर आउट हो गए। अब भारत की उम्मीदें मोहित उल्वा पर टिकी थीं। उन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंचा और भारत को अंतिम गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। मोहित ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर भारत को एक विकेट से जीत दिला दी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार